होटल में ठहरे इंदौर के युवक ने काटी हाथ की नस

उज्जैन। महाकाल दर्शन करने आया इंदौर का युवक देवास की रहने वाली युवती के साथ होटल में ठहरा था, मंगलवार सुबह उसने अपने हाथ की नस काट ली। पुलिस ने उसे उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती किया है। घटना करने से पहले उसका युवती के विवाद हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन शाम तक युवक-युवती ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। इंदौर के बिचौली मर्दाना का रहने वाला किशोर पिता हेमराज 25 वर्ष सोमवार को देवास की रहने वाली नेहाइ सोलंकी नामक युवती के साथ उज्जैन आया था। दोनों ने हरसिद्धी मंदिर के पास होटल होरी पैलेस में कमरा बुक किया। दोनों ने खुद को पति-पत्नी होना बताया था और महाकाल दर्शन करने की बात कहीं थी। मंगलवार सुबह दोनों के बीच होटल के कमरे में विवाद हो गया। किशोर ने कांच की बोतल से नेहा पर वार किया, वह खुद को बचाकर होटल के रिसेपशन काउंटर पर आ गई और कर्मचारियों से शिकायत की। कर्मचारी हेमराज को समझाने के लिये कमरे में पहुंचे तो उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। मामले की सूचना महाकाल थाना पुलिस को दी गई। पुलिस पहुंचती उससे पहले किशोर ने अपने हाथ की नस काट ली। होटल कर्मचारियों और पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो पलंग पर खून फैला दिखाई दिया। किशोर को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उपचार के लिये भर्ती किया है। मामले को लेकर महाकाल थाना प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि दोनों लिव इन रिलेशनशिप में है। दोनों के परिजनों को सूचना दी गई थी, परिजन दोपहर में उज्जैन पहुंच गये थे, लेकिन दोनों ओर से कोई शिकायत शाम तक दर्ज नहीं कराई गई थी। बुधवार को घायल किशोर के बयान दर्ज करने का प्रयास किया जायेगा।
पहले पति को छोड़ चुकी है युवती
बताया जा रहा है कि पुलिस कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घायल किशोर मिस्त्री का काम करता है, वह पहले नेहा से परिचित था, नेहा का विवाह हो चुका था, वह पति को छोड़कर दोबारा किशोर के साथ लिव इन में रहने लगी थी। दोनों के बीच पूर्व में भी विवाद हो चुका है, किशोर 2 बार पहले भी अपने हाथ की नस काट चुका है। दोनों होटल के कमरा नबंर एल-1 में ठहरे थे। दोनों ने खुद को पति-पत्नी बातकर किशोर ने अपने दस्तावेज होटल मैनेजर को दिये थे।