पार्षदों के काम चालू कराने को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

उज्जैन। नगर निगम के सामने मंगलवार को सैकड़ो की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता पहुंचे। उन्होने प्रदर्शन करते हुए पार्षदों के काम चालू करो के नारे लगाये। निगम अधिकारियों के नहंी आने पर कांग्रेस ने सड़क पर धरना दे दिया, जिसके चलते जाम की स्थिति बन गई।
शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृतव में दोपहर का कांग्रेस के सैकड़ो कार्यकर्ता, नेता और पार्षद नगर निगम के बाहर एकत्रित हो गये। उन्होने शहर की समस्याओं जैसे सड़क की दुर्दशा, आवारा मवेशियों का विचरण, बंद पड़ी स्ट्रीट लाईट, जलप्रदाय व्यवस्था के साथ वार्डो में 2 सालों से बंद पड़े पार्षदों के कामों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। काफी देर तक नारेबाजी की जाती रही। कांग्रेस नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शहर की समस्याओं से अवगत करना चाहती थी, लेकिन कोई अधिकारी ज्ञापन लेने के लिये निगम कार्यालय से बाहर नहीं आया। जिसके चलते कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना प्रदर्शन शुरू करते हुए चक्काजाम कर दिया। कांग्रेस के प्रदर्शन की जानकारी लगते ही सीएसपी ओपी मिश्रा, कोतवाली टीआई लीला सोलंकी, जीवाजीगंज टीआई नरेन्द्रसिंह परिहार, एसआई बबलेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गये। उन्होने कांग्रेस नेताओं को सड़क से उठाने का प्रयास किया, जिसके चलते कहासुनी हुई। काफी देर बाद नगर निगम अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह कांग्रेस के प्रदर्शन में पहुंचे और ज्ञापन लेकर समस्याओं को समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथ में बैनर थे, जिस पर लिखा था निगम का खजाना खाली है, फोटो इवेंट जारी है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी ने बताया कि नगर निगम में शहरवासियों के हित में कोई काम नहंी किया जा रहा है। वार्डो में समस्या बढ़ती जा रही है। वहीं नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि पूर्व में कई बार निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे जा चुके है, लेकिन काम नहीं हो रहे है। 2 सालों से निगम का भाजपा बोर्ड सोया हुआ है। जिसे जगाने के लिये कांग्रेस आज सड़क पर बैठी है।