कांग्रेस नेताओं को चक्काजाम करना पड़ गया भारी -पांच नामजद सहित अन्य पर प्रकरण दर्ज

उज्जैन। शहरवासियों को समस्या को लेकर प्रदर्शन करने नगर निगम पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने शहर के लोगों को ही परेशानी में डाल दिया था। डेढ़ घंटे तक लोगों को जाम का सामना करना पड़ा था। कोतवाली पुलिस ने पांच कांग्रेस नेताओं पर नामजद और अन्य के खिलाफ चक्काजाम करने का प्रकरण दर्ज किया है।
शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश भाटी के नेतृत्व में मंगलवार को कांग्रेस नेताओं और पार्षदो ने शहरवासियों की मूलभूत समस्याओं को लेकर प्रशासन से निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने की अनुमति ली थी। दर्जनों की संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता नगर निगम पहुंचे थे, लेकिन निगम का गेट बंद होने और ज्ञापन लेने के लिये किसी अधिकारी के नहीं पहुंचने से आक्रोशित कांग्रेस नेताओं ने निगम गेट के बाहर ही आगररोड पर चक्काजाम कर दिया था। करीब डेढ़ घंटे तक चक्काजाम के चलते मार्ग का यातायात बाधित हो गया था। वाहनों की लंबी कतार लग गई थी और शहरवासियों जाम में फंस गये थे। कांग्रेस शहर की मूलभूत समस्या को लेकर पहुंची थी, लेकिन शहरवासियों को ही मुसबीत में डाल दिया था। जिसके चलते कोतवाली पुलिस ने मामले में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, नेता प्रतिपक्ष रवि राय, पार्षद माया त्रिवेदी, मुजीब सुपारी वाला और राजेश त्रिवेदी के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज कर लिया। सीएसपी ओपी मिश्रा ने बताया कि कांग्रेस नेताओं के साथ चक्काजाम में अन्य भी शामिल थे, जिनकी पहचान फुटेज देखकर की जा रही है। कांग्रेस ने ज्ञापन की अनुमति ली थी और चक्काजाम किया था।