स्टेटस पर अंतिम दर्शन लिख जेल प्रहरी ने खाया जहर

शुजालपुर। शुजालपुर सब जेल में पदस्थ जेल प्रहरी ने बुधवार की सुबह घर में जहर खा लिया। जहर खाने के बाद प्रहरी ने अपने बच्चों सहित जेलर को मोबाईल पर जहर खाने की जानकारी दी। यह जानकारी मिलते ही जेलर ने जल कर्मचारियों को तत्काल मुख्य प्रहरी के घर भेजा और गंभीर हालत में उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से परिजन हालत में सुधार नहीं होने पर इंदौर ले गए।
जहर खाने के पहले प्रहरी ने अपने मोबाईल के स्टेटस पर मां के साथ खीचे गए फोटों पर अंतिम दर्शन लिखते हुए उसे अपलोड भी किया। मिली जानकारी अनुसार उज्जैन निवासी मनोहरलाल परमार शुजालपुर सब जेल में प्रहरी के रूप में पदस्थ है और जेल से सटे हुए शासकीय आवास में अपनी पत्नी के साथ रहते है। जेलर शिवपाल पारोंदिया के पास प्रहरी परमार का फोन बुधवार सुबह 9.50 पर आया और परमार ने जेलर को बताया कि मैने जहर खा लिया है, इस बात की जानकारी लगते ही जेलर ने सहकर्मी सूरज उपाध्याय को तत्काल परमार के शासकीय आवास पर पहुंचाया। बताया जाता है कि जेल प्रहरी मनोहरलाल परमार की पत्नी 8 से 9 बजे के बीच शासकीय आवास से बाहर चली गई थी, इसके कुछ देर बाद मनोहरलाल परमार भी बाजार गए और वहां से आने के बाद अपने स्टेटस पर अंतिम दर्शन अंतिम बधाई जैसा स्टेटस डाला।
सहकर्मियों के अनुसार घर से जाने के दौरान उनकी पत्नी अपना मोबाईल भी साथ नहीं ले गई। साथ ही मामला पारिवारिक विवाद का होने की आशंका जताई, हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी। शहर के निजी अस्पताल में उपचार के बाद भी हालत में सुधार नहीं होने पर उनके पुत्र जो कि इंदौर रहते है वे प्रहरी को उपचार के लिए इंदौर ले गए।