प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी लगातार कांग्रेस संगठन की मजबूती पर ध्यान दे रहे हैं। उनकी कोशिश है कि ग्रामीण क्षेत्र में संगठन मजबूत हो।
दरअसल, विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा के हाथों मध्य प्रदेश में करारी पराजय मिलने के बाद कांग्रेस में हर स्तर पर मंथन चल रहा है।
पूरा जोर इस बात पर है कि संगठन को मजबूत बनाया जाए। इसके लिए अब पंचायत स्तर पर संगठन को सशक्त बनाया जाएगा। यहां कमेटी बनाई जाएगी, जो पार्टी की बात गांव-गांव तक पहुंचाएंगी। इसमें पंचायत क्षेत्र के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को रखा जाएगा। चुनाव में हार को लेकर अब तक हुई समीक्षा में संगठन का ताना-बाना कमजोर होने की बात सामने आई है।
जिला प्रभारियों ने संगठन की कमजोरी और आपसी तालमेल की कमी को हार का बड़ा कारण बताया। इसके साथ ही यह भी कहा गया कि पार्टी के कार्यक्रम प्रदेश स्तर से पहले बूथ और वार्ड स्तर से प्रारंभ हों। इसे देखते हुए पंचायत स्तर पर कमेटी बनाने की तैयारी की जा रही है।
अधिकतम पांच लोगों की यह कमेटी होगी, जो गांव में पार्टी की रीति-नीति को नीचे तक पहुंचाने का काम करेंगे। घर-घर संपर्क अभियान भी चलाएंगे। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता कुणाल चौधरी का कहना है कि संगठन को और मजबूत करने की दिशा में सभी स्तर पर मंथन चल रहा है। जल्दी ही परिणाम सामने आएंगे।