वीडी या देवेन्द्र के हाथ में हो सकती है बीजेपी की कमान

भोपाल। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर नामों की चर्चा होना शुरू हो गई है। बीजेपी सूत्र यह बताते है कि कमान या तो वीडी शर्मा या फिर देवेंद्र फडणवीस के हाथों में सौंपी जा सकती है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ देवेंद्र फडणवीस की मुलाकात के बाद बाहर आई फोटो ने देश की राजधानी दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र की सियासत तक को एक्टिव कर दिया है। देवेंद्र फडणवीस भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं। हाल में ही उन्होंने अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात भी की थी। इस मुलाकात की कई फोटोज को उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया। राजनीति गलियारे में इस मुलाकात के बाद कई कयास लगाए जा रहे हैं। इसमें फडणवीस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बनना भी है। बता दें कि भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की रेस में विधानसभा- लोकसभा चुनाव के फर्मामेंस के आधार पर मप्र के विष्णुदत्त शर्मा का नाम सबसे आगे चल रहा है। लेकिन अब देवेंद्र फडणवीस के नाम पर भी चर्चा होने लगी है। फडणवीस की मोदी से मुलाकात के बाद से चर्चाओं का बाजार गर्म है कि आलाकमान उन पर भरोसा जता सकते हैं। वो पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं या उनके अलावा विष्णुदत्त शर्मा, भूपेन्द्र यादव और धर्मेंद्र प्रधान का नाम भी सामने आ रहा है। हाल में हुए लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में भाजपा का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। इसके बाद देवेंद्र फडणवीस सरकार से हटकर संगठन में काम करने की इच्छा जताई थी। उस समय केंद्रीय नेतृत्व ने उनके इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया था। हालांकि भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार  उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।