जिला अस्पताल में भर्ती रोशन हिस्ट्रीशिटर बदमाश ने थाने में खाया जहरीला पदार्थ

दैनिक अवंतिका
उज्जैन। हिस्ट्रीशिटर बदमाश को पुलिस ने बुलाया तो उसने थाने में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को बुलाया गया। भाई उसे उपचार के लिये जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने भर्ती किया है।
भैरवगढ़ थाने के सामने पारस नगर में रहने वाला रोशन पिता दिनेश जोशी 28 वर्ष अपराधिक प्रवृत्ति का है। शुक्रवार को वह थाने पहुंचा और जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर पुलिस ने परिजनों को बुलाया और पुलिस वाहन से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उपचार के लिये भर्ती किया है। भाई अर्जुन जोशी ने बताया कि पुलिस आये दिन परेशान करती रहती है। गुरूवार को भी उसे पकड़ा गया था और जुलूस निकाला था। पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर उसने थाने में जहर खाया है। मामले का लेकर थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने बताया कि त्यौहारों को देखते हुए थाने के हिस्ट्रीशिटर बदमाशों को चैक करने का अभियान चलाया जा रहा है। उसके तहत उसे चैक किया गया था। शुक्रवार को  थाने आया और आरोप लगाने लगा। वह घर से ही कुछ खाकर आया था। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने शराब पीना बताया है। बदमाश के खिलाफ 18 मामले दर्ज है। पूर्व में जिलाबदर किया गया था। वर्तमान में भी जिलाबदर की फाइल भेजी गई थी। थाना प्रभारी के अनुसार रोशन वर्ष 2012 से अपराधों में शामिल है। उसने अवैध शराब बेचने के साथ अपराध करना शुरू किया था। उसके बाद अवैध वसूली करने लगा। उसके खिलाफ महिलाओं से छेड़छाड़ के मामले भी दर्ज है। वही भाई को कहना था कि उसे पुलिसकर्मी संजय काले और राजाराम आये दिन परेशान करते थे। उसे जब शुक्रवार फिर से थाने बुलाया तो वह साथ में जहरीला पदार्थ लेकर पहुंचा था।