उज्जैन में तैयार हुआ धर्मस्व विभाग का कार्यालय

उज्जैन। उज्जैन में धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग का कार्यालय तैयार हो गया है। विभाग की व्यवस्थाओं को देखने के लिए वरिष्ठ अफसर भी पहुंचे। गौरतलब है कि बीते दिनों ही सूबे के सीएम डॉ. मोहन यादव ने धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग का मुख्यालय उज्जैन शिफ्ट करने का ऐलान किया था।

अब धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग संचालनालय सतपुड़ा विभाग भोपाल से नहीं बल्कि उज्जैन में स्थित सिंहस्थ मेला प्राधिकरण उज्जैन के भवन से संचालित किया जाएगा। बता दें कि इसी विभाग के अंतर्गत प्रदेश में धार्मिक कार्यों का आयोजन होता है। साथ ही प्रदेश के सारे मंदिर भी इसी विभाग के अंतर्गत आते हैं। सरकार के इस फैसले के बाद धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग मुख्यालय के संचालक सहित पूरा स्टाफ उज्जैन में भी बैठेगा। इसके चलते प्रदेश के धार्मिक आयोजन उज्जैन से ही निर्धारित किए जाएंगे। इसके अलावा सिंहस्थ की तैयारियों की रूपरेखा भी यहीं से तय होगी। 2028 के सिंहस्थ के आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बड़ा फैसला लिया है। बता दें कि यह विभाग प्रदेश में बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन कराने और विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक मेले का आयोजन करता है। नए निर्देशों के अनुसार मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना संचालक भी उज्जैन में स्थानांतरित किया जाएगा। अब मुख्यालय के संचालक सहित पूरा स्टाफ उज्जैन में बैठेगा और यही से प्रदेश की धार्मिक आयोजन निर्धारित किए जाएंगे।