दीवार गिरने से 4 बच्चों की मौत, 1 गंभीर

मरने वालों में 3 भाई-बहन, स्कूल से लौटते समय तंग गली में गिरा जर्जर मकान

 

दैनिक अवन्तिका रीवा

रीवा में जर्जर मकान की दीवार गिरने से 4 बच्चों की मौत हो गई। शनिवार दोपहर बच्चे स्कूल से घर लौट रहे थे। घटना गढ़ कस्बे की है। तंग गली में सनराइज पब्लिक स्कूल से 20 मीटर दूर यह हादसा हुआ है। 8 बच्चे और 1 महिला अभिभावक मलबे में दब गए। मरने वालों में 3 बच्चे एक ही परिवार के हैं और भाई-बहन हैं।

मलबे से निकालकर घायलों को गंगेव सामुदायिक स्वस्थ्य केंद्र लाया गया। बच्ची और महिला अभिभावक को गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी विवेक सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। विधायक नरेंद्र प्रजापति ने बताया, ‘दीवार जर्जर हालत में थी। दो नामदेव भाइयों की ये दीवार थी। उनके बीच विवाद था कि इसे कौन हटाएगा। स्कूल संचालक और पेरेंट्स इसे गिराने का कह चुके थे। शनिवार को बारिश की वजह से दीवार ढह गई। दीवार जिनकी है, उन पर कानूनी कार्रवाई होगी।’

सीएम ने की 2 – 2 लाख रुपए की मदद की घोषणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने मृतक बच्चों के परिजन को 2-2 लाख रुपए की मदद की घोषणा की। सीएम ने कहा, ‘जिन परिवारों ने मासूम बच्चों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।’

You may have missed