गौंड बस्ती मल्टी के पास मिली होटल कर्मचारी की लाश

उज्जैन। गौड बस्ती मल्टी के पास रविवार सुबह एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का सिर पर गहरी चोंट थी। पुलिस मौके पर पहुंची, मामला संदिग्ध होने पर लाश पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।  युवक के मल्टी से गिरने की आशंका सामने आने पर मल्टी में रहने वाले पति-पत्नी को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया गया है। महाकाल थाना प्रभारी अजय वर्मा ने बताया कि गौंड बस्ती की गली में एक युवक की लाश पड़ी होने की खबर मिलने पर पुलिस टीम पहुंची थी। मृतक के सिर पर गहरी चोंट लगी थी। ऐसा प्रतीत हुआ कि वह बस्ती की मल्टी से नीचे गिरा है। जांच के दौरान मृतक का नाम राम पिता शंभु भावंर 26 वर्ष निवासी मोईपाला झाबुआ होना सामने आया। आसपास के लोगों ने बताया कि हरसिद्धी मंदिर चौराहा के पास होटल पर काम करता था। शव को पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल भेजा गया और जांच शुरू की गई। बताया जा रहा है कि मृतक का मल्टी में आना जाना लगा रहता था। रात में मल्टी की तीसरी मंजिल से विवाद की आवाज भी आई थी। जानकारी जुटाने के लिये मल्टी में पहुंची तो मृतक की चप्पल पड़ी होना सामने आई। उसे धक्का देने की आशंका में पुलिस ने मल्टी में रहने वाले पति-पत्नी को पूछताछ के लिये थाने पर बैठा लिया है। मामले में सीएसपी ओपी मिश्रा का कहना था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद घटनाक्रम का पता चल पायेगा।
मामला महिला से जुड़ा होने का शक
पुलिस घटना का सच पता लगाने में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामला महिला से जुड़ा होने का शक दिखाई दे रहा है। मृतक के संबंध में पता चला है कि वह किराये का मकान भी तलाश कर रहा था। जिसके चलते मल्टी में आता-जाता रहता था। लाश मिलने की खबर सामने आने पर मल्टी में रहने वाली महिला पहुंची थी, जिसने उसका मोबाइल उठाया है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही मामला स्पष्ट करने की बात कह रही है।
पिता बोले दो साल से था उज्जैन
गौंड बस्ती से मिले मृतक युवक की पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी थी। शाम को पिता और भाई उज्जैन पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पिता ने बताया कि राम डेढ़-दो साल से उज्जैन में रहकर होटल पर काम कर रहा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। उसके साथ क्या घटना हुई है, इसका पता पुलिस लगा रही है।