अवैध संबंधों में हुई युवक की हत्या पति ने दिया था पत्नी के सामने प्रेमी को छत से धक्का

दैनिक अवंतिका उज्जैन।
उज्जैन। गौंड बस्ती में मृत मिले युवक का मामला हत्या का होना सामने आते ही पुलिस ने बस्ती की मल्टी में रहने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के महिला से अवैध संबंध थे। पति के आने पर विवाद हुआ और युवक को छत से धक्का दे दिया गया।
महाकाल पुलिस ने रविवार को नृसिंह घाट कालोनी गौंड बस्ती ई ब्लॉक मल्टी के पीछे से युवक का शव बरामद किया था। जिसकी पहचान श्रीराम पिता शंभू भाभर 27 वर्ष निवासी महुडीकला थाना सारंगी जिला झाबुआ के रूप में हुई थी। मृतक हरसिद्धी चौराहा पर होटल में काम करता था। मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की, इस दौरान सामने आया कि मल्टी में रहने वाली गंगाबाई ने लाश मिलने के दौरान उसकी जेब में रखा मोबाइल निकाला था। शंका के आधार पर पुलिस ने गंगाबाई को हिरासत में लिया। कुछ घंटे में ही मामले का खुलासा हो गया। सीएसपी ओपी मिश्रा ने बताया कि मृतक और गंगाबाई के बीच प्रेमप्रसंग था, घटना वाले दिन श्रीराम मल्टी में गंगाबाई के यहां आया था। उसी दौरान उसका पति बिरजू भी आ गया। तीनों के बीच विवाद हुआ। गंगाबाई छत पर चली गई। उसके पीछे बिरजू और श्रीराम भी पहुंचे। जहां विवाद बढ़ने पर बिरजू ने श्रीराम को तीसरी मंजिल से धक्का दे दिया। नीचे गिरने से पर सिर में लगी चोंट से उसकी मौत हो गई। मामले का खुलासा होते ही गंगाबाई के पति को भी गिरफ्तार कर लिया गया। गंगाबाई ने अपने सामने हुई घटना के बाद भी पति को नहीं रोका, वहीं मृतक का मोबाइल भी छुपा लिया था। जिसके चलते दोनों पति-पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता में हत्या की धारा 103 (1), 3 (5) 3 (2) 5 एससीएसटी एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है।  दोनों को मंगलवार दोपहर न्यायालय में पेश किया जायेगा।