इंदौर नगर निगम में कांग्रेस का प्रदर्शन….पुलिस ने भांजी लाठी

इंदौर। इंदौर नगर निगम में हुए भ्रष्टाचार, कर वृद्धि इंदौर की बदहाली, किसानों को एमएसपी और नीट जैसी परीक्षा में युवाओं का भविष्य बर्बाद होने के मामले में कांग्रेस ने नगर निगम पर प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष और बड़े नेताओं की अगुआई में किए गए प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने वाटर केनन का का इस्तेमाल किया। इसी दौरान न्यूज स्टेट के रिपोर्टर सनी और न्यूज 18 के कैमरामेन डगलस घायल हुए साथ ही पता चला की सर में गंभीर चोट आई हैं।

कांग्रेस ने एक बड़ा मंच लगाया , जहां से वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, सज्जनसिंह वर्मा, एआईसीसी के सचिव सत्यनारायण पटेल, युवक कांग्रेस अध्यक्ष मितेंद्रसिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। शहर के वरिष्ठ नताओं को भी मंच पर जगह दी गई। नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे, शहर अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्ढा और जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। चौकसे ने कहा कि वर्तमान में शहर की जो बदहाल स्थिति है, उसका जवाबदार नगर निगम है। करोड़ों का भ्रष्टाचार हो गया और मंत्री सहित महापौर भी चुप हैं। वहीं संपत्तिकर और जलकर में वृद्धि कर नगर निगम ने लोगों पर आर्थिक भार बढ़ा दिया है, जिसको लेकर शहर का हर वर्ग नाराज है। इसके साथ ही नगर निगम में पैसा नहीं होने के कारण कोई ठेकेदार काम नहीं कर रहा है। एक तरह से पिछले दो सालों में इंदौर नगर निगम की साख गिरी है। प्रदर्शन के दौरान किसानों की फसलें एमएसपी पर खरीदने, नीट के दोषियों को कड़ी सजा देने की भी मांग की जाएगी। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अलग-अलग स्थानों पर कांग्रेसी एकत्रित होकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंच रहे हैं। पिंटू जोशी और अमन बजाज स्काउट ग्राउंड से, सांवेर से रीना बौरासी, देपालपुर से राधेश्याम पटेल, महू से सदाशिव यादव, सेवादल अध्यक्ष राकेश सिलावट भी कार्यकतार्ओं के साथ प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।