104 साल पुराना एंपायर टॉकीज ध्वस्त

जबलपुर। जबलपुर की पहचान में शान रखने वाले अभिनेता प्रेमनाथ का एंपायर टॉकीज आखिरकार ध्वस्त कर दिया गया। यह थिएटर 104 साल पुराना था और जर्जर हो चुका था, जिससे संभावित हादसों को देखते हुए नगर निगम ने इसे जमीदोज कर दिया।
अभिनेता प्रेमनाथ ने 1952 में एंपायर टॉकीज को खरीदा था। बताया जाता है कि प्रेमनाथ बिना टिकट के फिल्म देख रहे थे और टिकट चेकर ने उन्हें पकड़ लिया था, जिसके बाद प्रेमनाथ ने ठान लिया कि वे इस थिएटर को खरीदेंगे। प्रेमनाथ ने इसे खरीदने के बाद राज कपूर के पिता पृथ्वीराज कपूर से उद्घाटन करवाया और पहली फिल्म “बादल” को रिलीज किया। एंपायर थिएटर का निर्माण 1918 में हुआ था और यह जबलपुर के सिविल लाइंस इलाके में स्थित था। यहां हिंदी और अंग्रेजी दोनों फिल्में दिखाई जाती थीं। दिन में हिंदी फिल्में और रात में अंग्रेजी फिल्में प्रसारित होती थीं। इस थिएटर में कभी 4 से 5 शो भी चलते थे। प्रेमनाथ के बहनोई और अभिनेता राज कपूर ने भी एंपायर थिएटर में फिल्म देखी थी। प्रेमनाथ ने अपने बहनोई राज कपूर और अपनी बहन को थिएटर में घुमाया और फिल्म भी देखवाई। राज कपूर ने इस थिएटर की काफी तारीफ की थी।

Author: Dainik Awantika