प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में संडे को रहेगी छुट्टी…..हर दिन का समय भी निर्धारित

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रविवार को पूरी तरह से सन्नाटा रहता था। कोई व्यवस्था न होने के कारण पदाधिकारी नहीं आते थे। अब यह व्यवस्था अधिकृत तौर पर लागू की जा रही है। रविवार को कार्यालय बंद रहेगा। बाकी दिनों में यह सुबह 11 से शाम छह बजे तक खुलेगा। इसकी सूचना भी मुख्यालय के प्रवेश द्वार पर लगा दी गई है। 15 अगस्त तक कार्यालय में रंग-रोगन सहित सभी व्यवस्थाएं हो जाएंगी। पूरा कार्यालय वाईफाई सुविधा से युक्त होगा।
प्रदेश मुख्यालय का नवीनीकरण
प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री प्रशासन प्रभारी डॉ. संजय कामले ने बताया कि कार्यकर्ताओं की मांग और आधुनिक समय से सामंजस्य स्थापित करते हुए प्रदेश मुख्यालय का नवीनीकरण किया जा रहा है। यह कार्य 15 अगस्त तक पूरा हो जाएगा। पदाधिकारियों, कर्मचारियों की बैठक व्यवस्था, मीटिंग हाल, कांग्रेसजनों बैठने एवं भेंट करने के साथ बाग-बगीचे को नया स्वरूप दिया गया है। भवन के तृतीय तल पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की बैठक व्यवस्था रहेगी। सभाकक्ष और पदाधिकारियों के कक्ष भी बनाए गए हैं।

 

साउथ इंडियन व्यजंनों के साथ चाय-नाश्ता भी

दूसरे और पहले तल पर भी पदाधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक व्यवस्था रखी गई है। भूतल पर बड़ी बैठकों के लिए बड़ा सभागार, नेता प्रतिपक्ष का कक्ष, मीडिया अध्यक्ष, प्रवक्ताओं और मीडिया कार्यालय का रंगरोगन कर आधुनिक बनाया गया है। दूसरे तल के सभाकक्ष में सभी प्रदेश अध्यक्ष, विभाग अध्यक्ष, मीडिया अध्यक्ष के साथ देश के राष्ट्रीय नेताओं के छायाचित्र की प्रदर्शनी लगाई गई है। परिसर में ही मां रेवा के नाम से कैंटीन भी खोला गया है, ताकि सस्ती दरों पर सभी भारतीय, साउथ इंडियन व्यजंनों के साथ चाय-नाश्ता भी मिलेगा। 15 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान मोर्चा संगठनों महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआइ और सेवादल के प्रतीक ध्वज भी परिसर में लगाए जाएंगे।