सड़क दुर्घटना का शिकार हुए बाइक सवार जीजा-साला – घायल साले ने तोड़ा दम, जीजा का उपचार जारी

दैनिक अवंतिका
उज्जैन। मजदूरी करने के बाद जीजा-साला बुधवार-गुरूवार रात बाइक से वापस लौट रहे थे। रास्ते में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गये। दोनों को जिला अस्पताल लाया जाता उससे पहले रास्ते में साले ने दम तोड़ दिया।
तराना तहसील के ग्राम मुंडलाखेड़ा का रहने वाला कमल पिता राजाराम और उसका साला चंदर पिता केसरसिंह निवासी ग्राम नांदेड मजदूरी करते थे। दोनों बुधवार को तराना पहुंचे थे। जहां से मजदूरी करने के बाद रात में वापस ग्राम मुडलाखेड़ा बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे। रास्त में कानीपुरा मार्ग ग्राम जवासिया में सड़क दुर्घटना का शिकार हो गये। उनकी बाइक आयशर से जा भिड़ी थी। दोनों गंभीर घायल हो गये थे। पुलिस और 108 एम्बुलेंस जानकारी मिलते ही पहुंची। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चैकअप के बाद डॉक्टरों ने चंदर को मृत घोषित कर दिया। कमल से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने परिजनों को दुर्घटना से अवगत कराया। रात में ही परिजन अस्पताल पहुंच गये थे। गुरूवार सुबह पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि चंदर दो बच्चों का पिता था। दोनों कई बार साथ मजदूरी के लिये जाते थे। कमल को भी गंभीर चोंट लगी है, लेकिन डॉक्टरों ने हालत खतरे से बाहर बताई है। उसे जिला अस्पताल से उपचार के लिये निजी अस्पताल ले जाया गया है।