नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर के पट रात 12 बजे खोले गए

उज्जैन। महाकाल मंदिर के शिखर पर स्थित भगवान नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर के पट रात 12 बजे खोले गए। परंपरा अनुसार सबसे पहले श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से महंत विनीत गिरी महाराज ने मंदिर के द्वार खोले, जिसके बाद श्री महाकालेश्वर प्रबंध समिति के अध्यक्ष और कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा ने सबसे पहले यहां पर पूजन अर्चन किया। जिसके बाद श्री नागचन्द्रेश्वर मंदिर की दुर्लभ प्रतिमा के पास पहुंचे, जहां भी आपके द्वारा भगवान का विशेष पूजन अर्चन कर त्रिकाल पूजा की शुरुआत की गई।

इस पूजन अर्चन और आरती के बाद आपने शिखर के नीचे विराजमान भगवान के शिवलिंग का भी पूजन अर्चन कर आरती कर भोग लगाया गया। जिसके बाद आम श्रद्धालुओं का मंदिर में प्रवेश शुरू हुआ। भगवान के दर्शन का यह सिलसिला अगले 24 घंटे यानी शुक्रवार रात 12 बजे तक चलता रहेगा। रात 12 बजते ही महाकाल मंदिर परिसर में स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट खोल दिए गए। नागपंचमी के दिन खुलने वाले इस मंदिर के दर्शन को हजारों लोग उमड़ते हैं। अभी भी  लोग कतार में लगे हैं। अगले 24 घंटे तक मंदिर भक्तों के लिए खुला रहेगा और उसके बाद एक साल के लिए बंद हो जाएगा।