सुबह 11 तक 2 लाख श्रद्धालुओं ने किये भगवान नागचंदेश्वर के दर्शन, दोपहर 12 बजे शासकीय पूजन, रात 12 बंद होंगे पट

उज्जैन। नाग पंचमी पर वर्ष में एक बार खुलने वाले भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर के आज सुबह 11 बजे तक 2 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। दोपहर 12 बजे महाकालेश्वर मंदिर समिति अध्यक्ष और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा भगवान नागचंदेश्वर का शासकीय पूजन किया गया। श्रद्धालुओं के दर्शन का सिलसिला अनवरत जारी है। आज रात 12 बजे विशेष पूजन अभिषेक के बाद मंदिर के पट वर्ष भर के लिए फिर से बंद कर दिए जाएंगे।

महाकालेश्वर मंदिर के शिखर के समीप बने भगवान नागचंदेश्वर मंदिर के पट वर्ष में एक बार नाग पंचमी के दिन खोले जाते हैं। गुरुवार-शुक्रवार रात 12 बजे श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरी महाराज ने मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष और कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा की उपस्थिति में त्रिकाल पूजा के साथ मंदिर के पट खोले थे। पूजन अभिषेक के बाद रात 12:30 बजे आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन प्रवेश खोला गया इसके बाद से अणुव्रत दर्शनों का सिलसिला जारी है 24 घंटे तक आम श्रद्धालु भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर सकेंगे। आज सुबह 11 बजे तक 2 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन लाभ प्राप्त कर चुके थे। दोपहर 12 बजे कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने परंपरा अनुसार प्रशासन की ओर से भगवान नागचंद्रेश्वर का शासकीय पूजन किया। महाकाल मंदिर समिति और प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को जल्द से जल्द और आसानी से दर्शन हो सके इसकी व्यवस्था की है। कतार में लगने के बाद महाकाल मंदिर परिसर में प्रवेश कर रहे श्रद्धालुओं को आधे घंटे में भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन हो रहे हैं। दर्शनों का सिलसिला आज रात 12 बजे तक जारी रहेगा।

रात 10 बजे से श्रद्धालु थे इंतजार में
वर्ष में एक बार खुलने वाले भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन करने के लिए गुरुवार रात 10 बजे से ही श्रद्धालुओं ने प्रवेश करने के लिए इंतजार करना शुरू कर दिया था। एक लाख से अधिक श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश करने वाले मार्गों पर पहुंच चुके थे। लंबी कतार लगी दिखाई दे रही थी। सभी को 12 बजे का इंतजार था। जैसे ही मंदिर के पट खोले गए महाकाल मंदिर का प्रांगण जयकरो से गूंज उठा। आज सुबह तक श्रद्धालु बिना परेशानी के सुगमता के साथ दर्शन के लिए पहुंच रहे थे।