अजगर ने बकरी का बच्चा निगला, वन विभाग ने पकडा – दल ने जमकर मशक्कत की, देर रात तक चला रेस्क्यू आपरेशन

दैनिक अवंतिका उज्जैन

उज्जैन। बडनगर के पास सुनेडा गांव से वन विभाग ने अजगर को पकडा है। गांव के जंगल में अजगर ने बकरी का बच्चा निगल लिया था। इसे चरवाहे ने देखा और उसके बाद ग्रामीण क्षेत्र में हडकंप मच गया था। जिला मुख्यालय पर सूचना आने पर देर शाम को दल उज्जैन से गांव पहुंचा और रात में ही रेस्क्यू आपरेशन को अंजाम दिया गया। अजगर वन विभाग की कैद में है।

गुरूवार शाम को वन विभाग के जिला मुख्यालय को बडनगर तहसील के सुनेडा गांव में अजगर होने की जानकारी मिली थी। इस सूचना पर वन्य जीव रेस्क्यू दल संबंधित स्थल के लिए रवान किया गया था। रात्रि में दल ने गांव के जंगल में जाकर अजगर को देखा उसके बाद उसे पकडने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रभारी रेंजर वन्य जीव मदन मोरे ने बताया कि अजगर को ग्रामीणों की निशानदेही पर तलाश कर लिया गया उसके बाद सर्च लाईट में ही आपरेशन को अंजाम दिया गया। अजगर ने बकरी का बच्चा निगल रखा था ऐसे में वह गुस्से से भरा हुआ था। दल के एक सदस्य ने उसकी पूंछ को काबू किया उसके बाद अन्य सदस्य ने उसके मुंह से उसे पकड लिया। एक बडे डिब्बे में अजगर को स्थल से मुख्यालय लाया गया है। अभी उसे मुख्यालय पर ही नजर में रखा गया है। शनिवार को उसका मेडिकल एवं अन्य कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान तक अजगर निगले हुए बकरी के बच्चे को पचाने की मशक्कत करेगा। श्री मोरे ने बताया कि देखने पर यह इंडियन राक पायथन प्रजाति का अजगर दिखाई दे रहा है और जवान है। अभी उसका वजन , लंबाई के साथ ही उसके नर मादा होने की स्थिति को पशु चिकित्सक से पुष्टि करवाई जाना शेष है। अजगर का स्वास्थ्य परीक्षण पशु चिकित्सक के द्वारा किए जाने के बाद उनकी अनुशंसा पर ही उसे जंगल में छोडा जाएगा।

You may have missed