दैनिक अवंतिका
उज्जैन। आजादी के जश्न का उत्साह चरम पर दिखाई दे रहा है। जिसमें मंगलवार को आजादी के रंग खाकी के संग थीम पर पुलिस ने तिरंगा यात्रा निकाली। कलेक्टर-एसपी घोड़े पर सवार हाथों में तिरंगा थामे दिखाई दिये। वहीं 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की फायनल रिहर्सल में भी देशभक्ति का रंग दिखाई दिया।
देश की स्वतंत्रता का दिन 15 अगस्त इस बार अमृत महोत्सव में मनाया जा रहा है। घर-घर तिरंगा अभियान 11 अगस्त से शुरू किया जा चुका है। जिसमें देशभक्ति का जज्बा जगाने के लिये तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। मंगलवार को पुलिस विभाग की ओर से आजादी के रंग खाकी के संग थीम पर दशहरा मैदान से तिरंगा यात्रा निकाली गई। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा, एएसपी जयंतसिंह राठौर यात्रा की अगवाई करते दिखाई दिये। तीनों अधिकारी घोड़े पर सवार में होकर हाथों में तिरंगा थामे चल रहे थे। पुलिस बैड़ पर देशभक्ति के तराने गूंज रहे थे। तिरंगा यात्रा में पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिसकर्मी, एसएफ का बल, अश्वरोही दल, एनसीसी कैडेट्स शामिल थे। यात्रा दशहरा मैदान पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान आव्हान किया गया कि देश की आन-बान-शान तिरंगा घर-घर फहराया जाये। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि देशभक्ति का जज्बा जगाने के लिये राष्ट्रीय पर्व पर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
मुख्य समारोह से पहले फायनल हुई कदमताल
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह दशहरा मैदान पर आयोजित किया जायेगा। जिसमें राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ परेड आयोजित की जायेगी और देशभक्ति कार्यक्रम होगे। जिसकी तैयारी पिछले 10 दिनों से की जा रही थी। मंगलवार सुबह दशहरा मैदान पर परेड़ की फायनल रिहर्सल की गई। कलेक्टर-एसपी के साथ एसडीएम अनुकुल जैन सहित अधिकारी पहुंचे थे। पुलिसबल के साथ एसएफ, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट गाइड ने परेड की फायनल कदमताल की। रिहर्सल के दौरान ध्वजारोहण किया गया और सलामी ली गई। जिसके बाद स्कूली विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा थामे देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुति दी।