महाकाल दर्शन कर लौट रहे दंपति को अज्ञात वाहन ने कुचला – पत्नी की मौके पर हुई मौत, पति की हालत गंभीर

दैनिक अवंतिका
उज्जैन। श्रावण मास में सोमवार को निकली बाबा महाकाल की चौथी सवारी के दशर्न करने आये दंपति देर रात बाइक से देवास लौट रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। दुर्घटना में पत्नी की मौत हो गई। पति घायल हुआ है।
नागझिरी थाना एएसआई धर्मेन्द्र तोमर ने बताया कि देवासरोड पर रात में कार शोरूम के सामने अज्ञात वाहन से हुई टक्कर में बाइक सवार महिला-पुरूष के घायल होने की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। दुर्घटनास्थल पर महिला की मौत हो चुकी थी। पुरूष घायल था, दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। शिनाख्त करने पर सामने आया कि मृतक महिला और घायल पुरूष पति-पत्नी साधना सोलंकी 40 वर्ष और लोकेन्द्रसिंह सोलंकी 42 वर्ष निवासी विजयपुर विजयागंजमंडी देवास है। मामले की सूचना परिजनों को दी गई, रात में उज्जैन पहुंचे परिजनों ने बताया कि दोनों महाकाल की चौथी सवारी में बाबा महाकाल के दर्शन करने आये थे। वापस देवास लौट के दौरान दुर्घटना हुई है। एएसआई तोमर के अनुसार मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद साधना का शव परिजनों को सौंपा गया है। पति लोकेन्द्र रातभर से बेहोश था, जिसे सुबह होश आया, उसका कहना था कि वाहन ने पीछे से टक्कर मारी थी। पुलिस वाहन की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज तलाश कर रही है।
20 दिन बाद हुई महिला की मौत
माकडोन के ग्राम अनखली में रहने वाली रामप्रसादबाई पति प्रभुलाल गुर्जर 48 वर्ष 23 जुलाई को भाई पप्पू के साथ बाइक से मायके दुपाड़ा जा रही थी। कानड के समीप अज्ञात वाहन ने कुचल दिया था। रामप्रसादबाई को शाजापुर से इंदौर रैफर किया गया था। जहां से परिजन उपचार के लिये उज्जैन निजी अस्पताल लेकर आ गये थे। जहां 20 दिन बाद सोमवार-मंगलवार रात मौत हो गई। नीलगंगा पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद जांच कानड थाना पुलिस को भेजी है।