बिजली कंपनी की गंभीर लापरवाही——-10 साल का बच्चा करंट की चपेट में आ गया

इंदौर। इंदौर में बिजली कंपनी की गंभीर लापरवाही सामने आई है। कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण एक मजिस्ट्रेट का 10 साल का बच्चा करंट की चपेट में आ गया।उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने लाइनमैन और मीटर रीडर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

घटना पंढरीनाथ थाना अंतर्गत जवाहर मार्ग की है। मोहम्मद असलम देहलवी थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। देहलवी सिविल कोर्ट सनावद में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर पदस्थ हैं। जवाहर मार्ग वाले मकान पर देहलवी के पिता मोहम्मद युसूफ देहलवी और मां रजिया बी रहती हैं। स्वास्थ्य खराब होने से मां अस्पताल में भर्ती थी। देहलवी अपनी मां को देखने के लिए परिवार सहित इंदौर आ गए थे। उनका दो मंजिला मकान है। गैलरी से सिर्फ पांच फीट की दूरी से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। ये तार खुले हुए हैं, उन पर प्लास्टिक के पाइप भी नहीं लगे हुए हैं। सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इस संबंध देहलवी द्वारा कई बार बिजली कंपनी को शिकायत की गई थी। मीटर की रीडिंग लेने आने वाले कर्मचारियों को भी अवगत करवाया गया। सुभाष चौक के कर्मचारी अंकुर गोयल को भी लापरवाही बताई गई। देहलवी का दस वर्षीय बेटा मोहम्मद अरसान देहलवी गैलरी में राष्ट्रीय ध्वज लगा रहा था। तार खुला होने के कारण अरसान को करंट का झटका लगा। अरशान के दोनों हाथ और पैर झुलस गए।