महाकाल को सूखे मेवे की माला अर्पित

उज्जैन। आज शनिवार की तड़के भूत भावन भगवान महाकाल को सूखे मेवे की माला अर्पित की गई। महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण मास, शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि शनिवार को तड़के ढाई बजे मंदिर के कपाट खोले गए। सबसे पहले भगवान महाकाल का जल से अभिषेक किया गया।

इसके बाद दूध, दही, घी, शहद, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया। महाकाल को रजत मुकुट, ड्रायफ्रूट की माला अर्पित कर अर्धनारीश्वर स्वरूप मेंश्रृंगार किया गया। महाकाल को भस्म चढ़ाई गई। भगवान महाकाल ने शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्प से बनी फूलों की माला धारण की।  फल और मिष्ठान का भोग लगाया। शनिवार की अल सुबह भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। लोगों ने नंदी महाराज का दर्शन कर उनके कान के समीप जाकर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान श्रद्धालु बाबा महाकाल की जयकारे भी लगा रहे थे। पूरा मंदिर बाबा की जयकारे से गुंजायमान हो रहा था।

You may have missed