उमस भरी गर्मी से लोग परेशान, तापमान भी बढ़ा

सारंगपुर। सारंगपुर में तापमान में बढ़ोतरी और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। शनिवार सुबह से मौसम साफ रहा। सुबह से कभी धूप-कभी छांव का दौर चलता रहा। आसमान में बादल भी नजर आए। मौसम साफ होने से अधिकतम तापमान में पिछले एक दिन में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि हुई, लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है कई इलाकों में बिजली गुल होने पंखे कूलर बंद होने से लोग परेशान रहे।
शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस होने का अनुमान है। इधर खेतों में खरीफ फसलों की बोवनी हुए करीब दो माह होने को है। वर्तमान में जो बारिश हुई है वह फसलों के लिए फायदेमंद है। लेकिन शहर सहित आसपास के किसान अच्छी तेज बारिश होने का इंतजार कर रहे हैं।
24 तक नहीं बारिश की संभावना
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि इस सप्ताह बारिश का कोई सिस्टम नहीं है। जो सिस्टम बना था वह भी कमजोर हो गया है जिसके चलते बारिश पर ब्रेक लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि आगामी 24 अगस्त तक नया सिस्टम बनेगा। इसमें अच्छी बारिश हो सकती है और हो सकता है चीलर बांध भी भर जाएगा। लेकिन उसकी भी संभावना कम ही है। उसके पहले कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है।

Author: Dainik Awantika