महिलाओं के लिए आज रक्षाबंधन पर सिटी बसों में यात्रा फ्री, सुबह 6 से रात 10 बजे तक कहीं भी जाएं किराया देने की जरूरत नहीं  सोमवार एवं मंगलवार को  निशुल्क रूप से बहनों के लिए रहेगी सिटी बस सुविधा

दैनिक अवंतिका उज्जैन। रक्षाबंधन के मौके पर ‘शहर सरकार’ ने सभी महिलाओं को बड़ा तोहफा देने का फैसला लिया है। दरअसल, आज रक्षाबंधन के मौके पर शहर की सभी महिलाएं मुफ्त में सिटी बसों में सफर कर सकेंगी। इस दौरान नगर निगम द्वारा संचालित सिटी  बसों में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक ये सुविधा प्रभावी रहेगी। ऐसे में अगर किसी महिला को बस में यात्रा करनी हो तो उसे बस का किराया चुकाने की जरूरत नहीं है।
बता दें कि उज्जैन शहर  में हर साल रक्षाबंधन पर बहनों को सिटी बसों में फ्री में सफर करने की सुविधा दी जाती है। इस साल भी ये सुविधा आज रक्षाबंधन के अवसर पर  सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक दी जाएगी।
इस संबंध में महापौर मुकेश टटवाल का कहना है कि हर साल रक्षाबंधन पर बहनों को भाई को राखी बांधने के लिए एक जगह से दूसरी जगह जाना होता है। इसी को मद्देनजर रखते हुए शहर में ये सुविधा महिलाओं को हर साल उपलब्ध कराई जाती है।
  महापौर श्री  टटवाल ने आगे बताया कि इस बार बहनों के लिए तीन दिन निशुल्क सिटी बस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। नगर निगम द्वारा संचालित सिटी बसें निशुल्क सुविधा रविवार से शुरू हो गई है जो सोमवार एवं मंगलवार को  निशुल्क रूप से बहनों के लिए संचालित की जाएगी जिसमें बहने निगम द्वारा संचालित बसों में बैठकर जहां तक निगम की बसें आवागमन के लिए संचालित होती है वहां पर निशुल्क रूप से बसों में सफर कर सकेगी।

You may have missed