किसानों के हित के लिए कई नवाचार

भोपाल। मध्य प्रदेश की मोहन सरकार किसानों के हित के लिए कई नवाचार कर रही है। इस बीच मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मोटे अनाज यानी मिलेटस पर किसानों को 10 रुपये प्रति किलो  प्रोत्साहन  राशि देने का निर्णय किया है।

राज्य में कुल खाद्यान्न उत्पादन क्षेत्र के मात्र साढ़े तीन प्रतिशत हिस्से में ही मोटे अनाज की खेती होती है। ऐसे में सरकार यह फैसला किसानों को मोटे अनाज की पैदावार करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। बता दें कि एमपी में 06 लाख 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में मोटा अनाज उगाया जा रहा है। 2021-22 में 05 लाख 55 हजार हेक्टेयर में मोटा अनाज उपजा है। उत्पादन के हिसाब से देखा जाए तो मध्य प्रदेश के देश भर में पांचवा स्थान है। साल 2023-24 में प्रदेश में 12.68 लाख टन मोटे अनाजों का उत्पादन हुआ है। वहीं 2019-20 में इसकी पैदावार 8.96 लाख टन हुई थी। गौरतलब है कि प्रदेश में सबसे अधिक लगभग 60 प्रतिशत फसल बाजरा की है। मंडला, डिंडोरी, बालाघाट समेत अन्य जिलों में मोटे अनाज की खेती ज्यादा है। ऐसे में सरकार के निर्णय से उम्मीद है कि ज्यादा से ज्यादा किसान अब मोटे अनाज की पैदावार करने के लिए कदम बढ़ाएगे।