बेहतर सड़कों के दावे…फिर भी सबसे ज्यादा हादसे

भोपाल। प्रदेश में भले ही अच्छी सड़के होने के दावे किए जाते हो लेकिन जो आंकड़े सामने आये है उसके अनुसार यूपी के बाद सबसे अधिक सड़क हादसे एमपी में ही होते है।
राष्ट्रीय स्तर पर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। इनके मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्गों पर गड्ढों से देश में उत्तरप्रदेश के बाद सबसे ज्यादा हादसे मध्यप्रदेश में हो रहे हैं।

जबकि  आंध्रप्रदेश, गोवा और बिहार में दुर्घटनाओं की संख्या शून्य है। सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्रालय ने हाल ही में आंकड़े दिए हैं कि वर्ष 2020 से 2022 के बीच राष्ट्रीय राजमार्गों सहित सभी श्रेणी की सड़कों पर गड्ढों के होने से उत्तरप्रदेश में सबसे अधिक 4,687 दुर्घटनाएं हुईं और 2,400 से अधिक मौतें हुईं। इसके बाद सड़क दुर्घटनाएं मध्यप्रदेश में 1,990 हुई हैं और मौतों की संख्या 515 है। इन्हीं तीन सालों में आंध्रप्रदेश, बिहार और गोवा में सड़कों में गड्ढों से एक भी दुर्घटना नहीं हुई। जबकि एमपीआरडीसी के रिकॉर्ड में वर्ष 2021 से 2023 के बीच करीब 1,200 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। प्रदेश में चार सौ ज्यादा ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं।
नाकाम प्रयास
पीटीआरआई-पुलिस ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट प्रदेश में हादसों की मॉनिटरिंग एवं मृत्युदर को कम करने के लिए शोध करता है। दुर्घटना से संबंधित सभी जानकारियां आईआरएडी ऐप के जरिए दी जा रही हैं। पीटीआरआई और जिलों में 1500 अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।