सीएम बने प्रस्तावक, कुरियन ने दाखिल किया नामांकन

भोपाल। मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री और केरल के जॉर्ज कुरियन ने नामांकन दाखिल कर दिया है। सीएम डॉ. मोहन यादव उनके प्रस्तावक बने, उन्होंने नामांकन फार्म पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सुरेश पचौरी, फग्गन सिंह कुलस्ते, राजेंद्र शुक्ल, तुलसी सिलावट, राव उदय प्रताप सिंह मौजूद रहे। भाजपा ने 20 अगस्त को कुरियन के नाम की घोषणा की थी।

नॉमिनेशन के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन ने कहा, केंद्रीय नेतृत्व ने मुझ पर भरोसा जाता है। उसके लिए आभार। मैं सभी की आकांक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। सीएम यादव ने कहा, केरल से मध्य प्रदेश का विशेष नाता है। क्योंकि आदि शंकराचार्य भी केरल से मध्य प्रदेश आए थे और अब एक वरिष्ठ साथी केरल से आए हैं। मध्य प्रदेश के कोटे से राज्यसभा सदस्य बनने जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि, मध्य प्रदेश के लिए बहुत गौरव की बात है कि पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया राज्यसभा सांसद होकर केंद्र में मंत्री थे। अब वह लोकसभा के सांसद बन गए हैं। ऐसे में अब जॉर्ज कुरियन मध्य प्रदेश कोटा से राज्यसभा जा रहे हैं। खुशी की बात है कि वह केंद्र में मंत्री भी हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी का आभार कि उन्होंने मध्य प्रदेश के कोटे में एक और मंत्री दिया है। निश्चित तौर पर उनके विभाग का लाभ मध्य प्रदेश को मिलेगा।