रंग बदलने वाले ई-रिक्शा को पकड़ा तो चालको ने घेरा यातायात थाना

उज्जैन। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद यातयात पुलिस ने गुरूवार को नानाखेड़ा चौराहा पर कार्रवाई करते हुए 35 से 40 ई-रिक्शा चालको को पकड़ लिया। कुछ देर बाद रात 9.30 चालको ने यातायात थाने का घेराव कर दिया। इस दौरान बजरंगदल और जय श्रीराम के नारे लगाये गये। यातायात डीएसपी दिलीपसिंह परिहार ने बताया शहर में बढ़ती ई-रिक्शा की संख्या को देखते हुए आरटीओ के साथ मिलकर 2 शिफ्ट में संचालन की शुरूआत की गई है। सुबह की शिफ्ट में पीले रंग का पट्टा लगे और दोपहर बाद लाल रंग का पट्टा लगे ई-रिक्शा चलाये जा रहे है। लेकिन 2 दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें पीले रंग के पट्टो को लाल और लाल रंग के पट्टो को पीला किया जा रहा था। इसी पर संज्ञान लेते हुए रात  8 बजे नानाखेड़ा चौराहा पर कार्रवाई शुरू की गई और नियम तोड़कर चल रहे 35 से 40 ई-रिक्शा को पकड़ लिया गया। जिनके पट्टो का रंग बदला हुआ था। सभी को चालानी कार्रवाई के लिये यातायात थाने लाया गया। इस दौरान चालको के कुछ अन्य साथी भी थाने पर आ गये और घेराव करते हुए नारेबाजी करना शुरू कर दिया। घेराव करने वाले जय श्री राम और बजरंग दल के नारे लगा रहे थे। यातायात थाने का घेराव होने की खबर लगते ही नानाखेड़ा और माधवनगर थाना पुलिस पहुंच गई थी। करीब आधे घंटे तक नारेबाजी चलती रही। उसके बाद पुलिस ने मामला शांत कराया। डीएसप परिहार का कहना था कि कुछ ई-रिक्शा बिना दस्तावेजों के पाये गये है। उन्हे शुक्रवार सुबह आरटीओ भेजा जायेगा। वहीं जो नियम विरूद्ध चलते पाये गये है। उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जायेगी। श्रावण मास के पहले लागू किया था नियम यातायात पुलिस और आरटीओ विभाग ने शहर में बढ़ती ई-रिक्शा की संख्या को देखते हुए श्रावण मास से पहले 2 शिफ्ट में संचालन का नियम लागू किया था। उस दौरान भी चालको ने जमकर विरोध किया था, लेकिन पुलिस और प्रशासन शहर की यातायात व्यवस्था को बनाये रखने के लिये सख्त हो गया था। जिसके चलते दोपहर 3 बजे से 12 घंटे पीले रंग और उसके बाद 12 घंटे लाल रंग के पट्टे लगे लगे ई-रिक्शा संचालित करने पर सहमति बन गई थी। लेकिन चालको ने चालाकी करना शुरू कर दिया और पट्टो का रंग बदलने लगे। पुलिस ने एक्शन लिया तो फिर से विरोध शुरू कर दिया।

Author: Dainik Awantika