तुलसी नगर के माथे पर था अवैध होने का धब्बा…लेकिन अब वो हट गया…

इंदौर। इंदौर के तुलसी नगर के करीब पांच सौ से अधिक भूखंडों का नियमितिकरण होने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। दरअसल तुलसी नगर के माथे पर अवैध होने का धब्बा था, जिसे नगर निगम महापौर पुष्यमित्र भार्गव के प्रयासों से हटा दिया गया है। कुल मिलाकर यह कॉलोनी भी अब वैध कॉलोनी  में शुमार होने लगेगी।
तुलसी नगर रहवासी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि  तुलसी नगर में करीब 2400 भूखंड हैं। फिलहाल इनमें से 535 का नियमितीकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कॉलोनी के बाकी भूखंड के नियमितीकरण के बारे में भी जल्द फैसला करने का अनुरोध किया गया है। तुलसी नगर कॉलोनी के 535 प्लाॅट के भवन स्वामियों, भूखंड धारकों को भवन अनुज्ञा, जल संयोजन और विद्युत संयोजन से संबंधित विकास शुल्क की राशि जमा करने की अनुमति मिल गई है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने  तुलसी नगर रहवासियों को इस संबंध में जारी अधिसूचना की प्रति सौंपी।  महापौर ने बताया कि तुलसी नगर के सभी 535 भूखंडों के नियमितिकरण की अधिसूचना का प्रकाशन किया जा रहा है। तुलसी नगर के इन सभी भूखंड धारकों को  अधोसंरचना के विकास के लिए निगम द्वारा निर्धारित विकास शुल्क जमा करना होगा। नगर निगम के सर्वे में पता चला कि तुलसी नगर में उद्यान की जमीन, नजूल की जमीन, नाले की जमीन पर भी प्लॉट काट कर बेचे गए हैं। लगभग 22 वर्ष बाद छूट प्राप्त सीलिंग जमीन की सूची के आधार पर बगैर किसी सुनवाई के तुलसी नगर को अवैध कॉलोनी घोषित कर दिया गया था।