टीम पटवारी में शामिल होने का उज्जैन के कांग्रेसियों में इंतजार, सात माह से हो रहा इंतजार…जमीनी कार्यकर्ताओं की उज्जैन में नहीं है कमी

उज्जैन। उज्जैन के जमीनी कांग्रेसियों को टीम पटवारी में शामिल होने का इंतजार है। यह इंतजार बीते सात माह से किया जा रहा है। हालांकि कांग्रेस के भोपाल सूत्र यह बताते है कि जल्द ही  कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा और उम्मीद है कि  उज्जैन के जमीनी कार्यकर्ताओं को कार्यकारिणी में जगह मिलेगी।

मप्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बदले हुए 7 माह से भी अधिक का समय बीत चुका है। लेकिन, अभी तक कांग्रेस कमेटी का कोई अता पता नहीं है। करीब दो माह पहले प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह द्वारा कहा गया था कि आने वाले 15 दिनों में कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा। लेकिन, अब तक कमेटी का गठन नहीं हो सका है। इस कारण प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी बिना टीम के काम कर रहे हैं। यही नहीं मप्र कांग्रेस कार्यकारिणी के लिए कार्यकर्ताओं को अभी इंतजार करना होगा। दरअसल, कार्यकारिणी गठन को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह का कहना है कि काम करने वाले कार्यकर्ताओं को कार्यकारिणी में जगह मिलेगी। जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं के नामों पर विचार किया जा रहा है। पूरे समय पार्टी के लिए काम करने वालों को कार्यकारिणी में जगह मिलेगी। प्रदेश प्रभारी ने पुरानी कार्यकारिणी पर सवाल उठाते हुए कहा है कि पहले की कार्यकारिणी में एक हजार पदाधिकारी शामिल थे। सिर्फ पद लेकर घर पर बैठे थे, अब सिर्फ काम करने वालों को जिम्मेदारी मिलेगी। प्रदेश में लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी लगातार बैठक कर रही है। नई कार्यकारिणी को लेकर मंथन किया जा रहा है। कांग्रेस प्रदेश में युवाओं को आगे करना चाहती है। इसलिए प्रदेश कार्यकारिणी में युवाओं को ज्यादा से ज्यादा जगह देने पर जोर दिया जा रहा है। वहीं पूर्व में हुई कांग्रेस की राजनैतिक मामलों की बैठक में निर्णय हुआ है कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। राजनैतिक एवं वैचारिक प्रतिबद्धता से संबंध रखने वाले  कांग्रेसियों    को संगठन में स्थान दिया जाएगा। मोर्चा संगठनों को और अधिक प्रभावी और गतिशील बनाने और सक्रियता के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। संगठन के प्रत्येक स्तर बूथ, सेक्टर, मंडल, ब्लाक और जिला स्तर पर अधिक से अधिक सक्रिय और राजनीतिक, सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं की भागीदारी की जाएगी। सेवादल द्वारा प्रदेश भर में ब्लाक स्तर पर पार्टी की गतिविधियों और कांग्रेस पार्टी से लोगों को अधिक से अधिक से अधिक जोड़ने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम पुन: प्रारंभ किए जाएंगे।