उम्मीदों की बारिश ने खोला रात 9 बजे यशवंत सागर का 1 गेट

उज्जैन। सावन में हुई कम बारिश के बाद भादौ में उम्मीदों की बारिश का क्रम शुरू हो गया है। रात 9 बजे इंदौर में यशवंत सागर के लबालब होने पर एक गेट खोल दिया गया था। जिसके बाद सुबह तक गंभीर डेम में 1 हजार एमसीएफटी पानी संग्रहित होने की संभावना जताई गई है। शहर में हो रही बारिश से गंभीर के कैचमेंट एरिया का पानी भी डेम की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। धार्मिक नगरी को वर्षभर जलप्रदाय सप्लाय करने वाला गंभीर डेम 2 दिन पहले तक 75 प्रतिशत खाली दिखाई दे रहा था। सावन में बारिश नहीं होने पर चिंता बढ़ने लगी थी, लेकिन भादौ की शुरूआत होने और बंगाल की खाड़ी के साथ अरब सागर में मजबूत चक्रवात बनने से प्रदेश में बारिश का क्रम शुरू हो गया है। गुरूवार-शुक्रवार रात हुई बारिश के बाद गंभीर डेम में पानी की आवक शुरू हो गई थी। डेम प्रभारी अशोक शुक्ला ने बताया कि गुरूवार तक डेम में 469 एमसीएफटी पानी संग्रहित था। रात में हुई बारिश के बाद केचमेंट एरिया का पानी शुक्रवार सुबह से डेम में आना शुरू हो गया था। रात 9 बजे तक डेम में 677 एमसीएफटी पानी आ चुका था। कुछ देर बाद ही सबसे बड़ी राहत की खबर सामने आई कि इंदौर यशवंत सागर लबालब हो चुका है। जिसका एक गेट 5 फीट खोला गया है। प्रतिवर्ष यशवंत सागर के गेट खेलने पर ही गंभीर में पानी की तेजी से आवक होती है। रात में खोले गये एक गेट के बाद रात 2-3 बजे तक पानी गंभीर में पहुंचना शुरू हो जायेगा। अगर रातभर यशवंत सागर के गेट खुले रहे तो शनिवार सुबह तक गंभीर एक हजार एमसीएफटी को पार कर जायेगा। गंभीर की क्षमता 2250 एमसीएफटी है।

You may have missed