919 एमसीएफटी पहुंचा गंभीर डेम का लेवल, तड़के 5:55 बजे बंद किया गया यशवंत सागर का गेट

उज्जैन। एक बार फिर इंदौर के यशवंत सागर ने उज्जैन के गंभीर डेम की उम्मीदों को पूरा किया है। शुक्रवार रात 9 बजे खोला गया यशवंत सागर का एक गेट आज तड़के 5:55 बजे बंद कर दिया गया। सुबह 9 बजे तक गंभीर का जल स्तर 919 एमसीएफटी पहुंच चुका था। दोपहर 12 बजे तक गंभीर की क्षमता 50 को पार करने की संभावना बनी हुई है।

बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बने लो प्रेशर सिस्टम के बाद प्रदेश में मानसून सक्रिय दिखाई दे रहा है। उज्जैन, इंदौर, देवास में गुरुवार शुक्रवार रात से बारिश का क्रम जारी है। एक बार फिर उज्जैन में जलप्रदाय की उम्मीदों को इंदौर के यशवंत सागर से सहारा मिला है। शुक्रवार रात 9 बजे यशवंत सागर ने अपनी क्षमता को पार कर लिया था इसके बाद एक गेट 5 मीटर के लिए खोला गया। रात 2 बजे गंभीर डेम में पानी की आवक तेज हुई। सुबह 9 बजे तक 919 एमसीएफटी पानी गंभीर में संग्रहित हो चुका था। गंभीर डेम प्रभारी अशोक शुक्ला ने बताया कि यशवंत सागर का गेट तड़के 5:55 बजे बंद कर दिया गया है बावजूद इसके गंभीर में पानी की आवक बनी हुई है। शहर और गंभीर के कैचमेंट एरिया में बारिश का सिलसिला जारी है संभावना है कि दोपहर 12:00 तक गंभीर अपनी 50 प्रतिशत क्षमता को पार कर लेगा। इंदौर में भी बारिश का सिलसिला बना हुआ है उम्मीद है कि एक बार फिर आज शाम तक यशवंत सागर का गेट खोला जा सकता है। इसके बाद और तेजी से गंभीर में पानी की आवक होगी। विदित हो कि 2250 एमसीएफटी क्षमता वाले गंभीर डेम में बुधवार तक 473 एमसीएफटी पानी संग्रहित था और ऐसा प्रतीत हो रहा था कि अगर बारिश नहीं हुई तो दीपावली बाद ही जल संकट गहरा जाएगा लेकिन मानसून के सक्रिय होने पर गंभीर डेम भरने की उम्मीदें पूरी होती दिखाई देने लगी है जिसमें सबसे बड़ी भूमिका यशवंत सागर की सामने आई है। इंदौर के यशवंत सागर से प्रतिवर्ष गंभीर में पानी की आवक होती है और उज्जैन पूरे वर्ष जल संकट से दूर बना रहता है।

सुबह 10 बजे फिर बारिश की हुई दस्तक
गुरुवार-शुक्रवार रात 23 मिलीमीटर बारिश के बाद शुक्रवार दिनभर बारिश का क्रम थमा रहा और मात्र 6 मिमी बारिश ही दर्ज हो पाई। रात में भी 1.4 मिलीमीटर बारिश हुई। इस बीच शनिवार सुबह 10 बजे फिर से तेज बारिश की शुरुआत हो गई थी। मौसम विभाग ने सोमवार तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। जहां गंभीर डेम में पानी संग्रहित होने की शुरुआत हो चुकी है वहीं शहर की औसतन बारिश का आंकड़ा भी बढ़ता दिखाई देने लगा है। पिछले 48 घंटे में 3 इंच के लगभग बारिश दर्ज हुई है जिसके बाद वेधशाला पर 23 इंच बारिश का आंकड़ा दर्ज हो चुका है। आज दिन में होने वाली बारिश के बाद देर से 2 इंच बारिश और होने की संभावना है इसके बाद शाम तक बारिश 25 इंच को पार कर जाएगी।

शिप्रा नदी का लगातार बढ़ रहा जलस्तर
गुरुवार रात से ही शिप्रा नदी का जल स्तर बढ़ना शुरू हो गया था। देवास, इंदौर और उज्जैन में हो रही बारिश से शिप्रा अपने रोद्र रूप की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। शुक्रवार शाम तक शिप्रा की छोटी रपट पर दो से ढाई फीट पानी था आज सुबह 10 फीट से ऊपर पहुंच चुका था। दानी गेट से कार्तिक मेला ग्राउंड को जोड़ने वाली छोटी रपट का आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। आज सुबह से शिप्रा के रामघाट पर भी श्रद्धालुओं के स्नान पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। जल स्तर बढ़ने से आसपास की दुकानों को भी हटा दिया गया है वहीं लगातार बढ़ते जल स्तर पर प्रशासन और पुलिस की नजर बनी हुई है। आज लगातार बारिश का दिन भर दौर जारी रहा तो शिप्रा नदी बड़े पुल के करीब पहुंच सकती है।