दूसरी पत्नी ने इसलिए कर दी थी पति की हत्या

भोपाल। दूसरी पत्नी ने अपने पति की हत्या इसलिए कर दी थी क्योंकि वह उसकी पेंशन हड़पना चाहती थी। इस वारदात में उसके बेटे ने भी साथ दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दूसरी पत्नी ने पेंशन की राशि हड़पने के लिए सोते समय पति का तकिया से गला घोंट दिया था। वारदात में महिला का बेटा भी शामिल था। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर रविवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

छोला मंदिर थाना प्रभारी सुरेशचंद्र नागर ने बताया कि नौ अगस्त को सुबह 10 बजे भरत चौधरी नाम का व्यक्ति शिवनगर फेस-तीन में रहने वाले 63 वर्षीय जागेश्वर प्रसाद को उपचार के लिए पीपुल्स अस्पताल पहुंचा था। डाक्टर ने चेक करने के बाद जागेश्वर को मृत पाया। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस को सूचना दे दी थी। मूलत: भुसावल महाराष्ट्र निवासी प्रेमलता को वर्ष-1999 में अपने पिता के स्थान पर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। वर्ष 2010 में पति रंजीत ने प्रेमलता को तलाक दे दिया था। प्रेमलता का जागेश्वर से परिचय हो गया था। वर्ष 2015 में जागेश्वर की पत्नी किरण की मृ्त्यु हो गई थी। वर्ष 2018 में जागेश्वर ने प्रेमलता के साथ शादी कर ली थी। प्रेमलता के पहले पति से बेटा मुकेश और एक बेटी है। जो उसके साथ रहते थे। वर्ष 2021 में जागेश्वर कोच फैक्ट्री से सेवानिवृत्त हुए तो उन्हें पीएफ की 40 लाख की राशि मिली। उस राशि से प्रेमलता ने शिव नगर फेस-तीन में अपने नाम पर मकान बना लिया था। एक कार भी खरीद ली थी। पिता को मिले पैसों पर उसके बच्चे अपना हक मांगने लगे थे। जिसके चलते प्रेमलता और उसके बेटे ने मिलकर जागेश्वर की पेंशन की राशि हड़पने के उद्देश्य से हत्या कर दी थी।