विधायक भी हो गए पद मिलने के नाम पर धोखाधड़ी के शिकार

छतरपुर। यहां एक विधायक भी पद की लालसा में धोखाधड़ी के शिकार हो गए। हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। विधायक को पार्टी में बड़े पद देने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी नीरज सिंह राठौर पिता शिवराज 39 साल ग्राम उमरी, थाना रामपुर, जिला जालौन उत्तरप्रदेश का है। आरोपी ने बीजेपी विधायक अरविंद पटेरिया को पार्टी में बड़े पद दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की थी। विधायक ने राजनगर थाने में इसकी शिकायत की थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी कानपुर में सुरक्षाकर्मी और आवाज बदलकर बात करने में माहिर है। 12 वीं में फेल होने के बाद उसने धोखाधड़ी का अपराध शुरू कर दिया था। इंटरनेट से लोगों का नंबर निकाल कर खुद को तथाकथित वरिष्ठ नेता व उनका पर्सनल असिस्टेंट बताता था। आवाज बदलकर उच्च पद दिलाने के नाम पर पैसों की मांग करता था। आरोपी के खिलाफ इससे पहले भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। आरोपी ने बैतूल में भी इस तरह का अपराध किया है। राजनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस धोखाधड़ी मामले की जांच कर रही है।