छतरपुर। कोतवाली थाना पत्थरकांड का मास्टरमाइंड हाजी शहजाद अली को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। थाने में पथराव के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। हाजी गुपचुप तरीके से कोर्ट में सरेंडर करने जा रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर जिला कोर्ट के बाहर से उसे पकड़ लिया। इसके बाद मेडिकल कराकर कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने आरोपी शहजाद पर 10 हजार का इनाम भी घोषित किया था।
हाजी के पकड़े जाने पर छतरपुर एसपी अगम जैन ने मीडिया को बताया कि पत्थरबाजी के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद से यह फरार चल रहा था। अब पुलिस को अन्य फरार आरोपितों की तलाश है। एसपी ने बताया कि वह जांच पड़ताल कर रहे हैं कि फरारी समय में वह कहां-कहां रहा। मामले में अब तक 37 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें से 36 को जेल भेजा जा चुका है। कोतवाली थाना परिसर में पथराव और विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल को गंभीर चोटें आईं और संपत्ति को नुकसान हुआ था। इस मामले में 46 नामजद और 150 से अधिक आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। वीडियो फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में है।