होमगार्ड जवानों के साथ सर्प मित्र ने किया रेस्क्यू

उज्जैन। क्षिप्रा नदी किनारे रामघाट के आसपास सांप दिखाई देने के मामले लगातार सामने आ रहे है। मंगलवार शाम क्षिप्रा आरती से पहले 5 फीट लंबा सांप देख श्रद्धालु दहशत में आ गये। जिसका रेस्क्यू होमगार्ड जवानों के साथ सर्प मित्र द्वारा किया गया। रामघाट चौकी प्रभारी जगदीश सोलंकी ने बताया कि शाम को क्षिप्रा आरती का समय हो रहा था। श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला भी जारी था। उसी दौरान आरती द्वार के पास से जहरीला सांप निकला। जिसे देख श्रद्धालु दहशत में आ गये। सांप दिखाई देने की जानकारी मिलते ही वह जवान जवाहरसिंह पटेल के साथ पहुंचे। पहले सांप को लकड़ी से किनारे किया गया और सर्प मित्र का सूचना दी गई। सांप रामघाट से नृसिंहघाट की ओर जाने वाले रास्ते पर टूटे पेड की लकडी के बीच जाकर बैठ गया। कुछ देर में ही ढाबारोड से सर्प मित्र राहुल खामोरी और चेतन चौहान मौके पर पहुंचे। सांप को पकड़ने के लिये रेस्क्यू शुरू किया गया। कुछ देर की मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया गया। सर्प मित्र का कहना था कि सांप कोबरा प्रजाति है, जो काफी खतरनाक होता है। सांप को थैली में बंद कर रामघाट से सर्प मित्र अपने साथ जंगल में छोड़ने के लिये लेकर चले गये। रामघाट के आसपास सांप निकलने का कुछ दिन में दूसरा मामला सामने आया है। इससे पहले 18 अगस्त को सिद्धआश्रम के सामने पानी से सांप को पकड़ा गया था, जो स्नान कर रहे श्रद्धालुओं के बीच पहुंच गया था। वहीं कुछ माह पहले रामघाट के पास अजगर दिखाई देने से हडकंप मच गया था। जिसे रामघाट पर दुकान लगाने वाले युवक ने सर्तकता से पकड़ने के बाद नृसिंहघाट के जंगलों में छोड़ दिया था।