वैष्णो देवी के रास्ते में लैंडस्लाइड, 2 महिलाओं की मौत, एक जख्मी, आंध्र-तेलंगाना में बाढ़ से 19 की मौत

एजेंसी नई दिल्ली

मध्य प्रदेश और गुजरात समेत 6 राज्यों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। इस बीच जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर के नए मार्ग पर सोमवार को लैंडस्लाइड होने से 3 तीर्थ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से 2 महिलाओं की मौत हो गई।

एक लड़की का इलाज चल रहा है। अफसरों ने बताया कि दोपहर करीब 2.35 बजे पांची के पास भूस्खलन हुआ। मिट्टी गिरने से मार्ग के ऊपर बना टीन शेड गिर गया। इसकी चपेट में कई लोग आ गए। उधर,आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बाढ़ और बारिश के चलते 2 दिनों में आंध्र में 9 और तेलंगाना में 10 लोगों की मौत हुई है। दोनों राज्यों में 140 ट्रेन कैंसिल हुई हैं। 54 से ज्यादा ट्रेन डायवर्ट की गई हैं। एनडीआरएफ की 26 टीम तैनात की गई हैं। उफनती नदियों के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है। आंध्र प्रदेश में 1998 के बाद ऐसी बाढ़ आई है। 17 हजार लोगों का रेस्क्यू किया गया है। विजयवाड़ा में 2.76 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। कुछ इलाकों में 10 फीट तक पानी भरा है। तेलंगाना में सूर्यपेट, भद्राद्री, कोठागुडेम, महबूबाबाद जिले बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। खम्मम के 110 गांव पूरी तरह से पानी में डूबे हैं।

बारिश ने राज्य को हिलाकर रख दिया
सीएम एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि भारी बारिश ने राज्य को हिलाकर रख दिया है। विजयवाड़ा और गुंटूर शहर पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं। विजयवाड़ा-गुंटूर नेशनल हाईवे और विजयवाड़ा-हैदराबाद नेशनल हाईवे भी बाढ़ से प्रभावित हैं। 100 से ज्यादा राहत शिविरों में 17 हजार लोग रह रहे हैं। बुडामेरु नदी उफान पर है। 1.1 लाख हेक्टेयर जमीन पर फसलें पूरी तरह से तबाह हो गई हैं।

You may have missed