महाकाल घाटी पर करंट की चपेट में आई महिला

दैनिक अवंतिका
उज्जैन। बाबा महाकाल की प्रमुख सवारी के दौरान सोमवार को रिमझिम बारिश के बीच महिला करंट की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा नहीं हुआ। महिला को तत्काल उपचार के लिये लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी हालत में सुधार होना सामने आया है।
बताया जा रहा है कि मंछामन चौराहा से शांतिनगर की ओर जाने वाले मार्ग पर रहने वाली दिव्या बैरागी 35 वर्ष शाम को बाबा महाकाल की सवारी देखने पहुंची थी। महाकाल घाटी पर एक मकान की छत से सवारी देखने के दौरान रिमझिम बारिश शुरू होने पर दिव्या ने छाता खोला, ऊपर से बिजली के तार गुजर रहे थे, जिससे छाता टकराने पर करंट की चपेट में आ गई। उसे तत्काल नीचे लाया गया और एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष से मिली जानकारी अनुसार महिला की हालत में सुधार था। महिला को भर्ती करने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।