दो दिन बाद फिर एक्टिव होगा मानसून

उज्जैन। दो दिनों बाद एक बार फिर प्रदेश के अन्य शहरों के साथ ही उज्जैन में भी मानसून एक्टिव होगा। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान उज्जैन और आसपास के इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।
इधर बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब मंगलवार को विदर्भ के आसपास होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में मध्य प्रदेश की ओर आगे बढ़ रहा है। इसको देखते हुए प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां अभी जारी रहने का अनुमान है, लेकिन आगामी 24 घंटे में यह कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदलता जाएगा। नतीजतन, मानसूनी गतिविधियों में कमी आएगी। ताकतवर अबदाव के चलते मानसून द्रोणिका भी नीचे आ चुकी है। इस समय मानसून द्रोणिका गंगानगर, रायसेन से विदर्भ में स्थित अवदाब से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रहा है, जिससे में प्रदेश नमी आ रही है। यह मानसून प्रणाली मप्र की ओर आगे बढ़ेगी, लेकिन इस बीच कमजोर भी होती जाएगी। हालांकि इस बीच पांच सितंबर को बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है। यह प्रणाली भी यदि सही रास्ते पर आगे बढ़ी तो सितंबर के दूसरे सप्ताह में भी प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों का जोर बना रह सकता है। वहीं, प्रदेश में बीते 24 घंटों में पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों को अच्छी वर्षा मिली।

You may have missed