कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देकर लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे

उज्जैन-इंदौर। आज 3 सितंबर से बीजेपी का सदस्यता अभियान शुरू हो रहा है। मालवा निमाड़ के भी बीजेपी नेता नये सदस्यों को बनाने के लिए मैदान में उतर गए है और जो टारगेट दिया गया है उसे हर हाल में पूरा करने की बात भी कही गई है।
बीजेपी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार  प्रदेशभर के 65 हजार के करीब बूथों पर एक साथ यह अभियान चलाया जाएगा। बीजेपी का लक्ष्य इस साल डेढ़ करोड़ लोगों को सदस्यता दिलाना है।  इसके लिए पार्टी हर बूथ पर अभियान चला रही है। पार्टी का लक्ष्य हर बूथ पर 200 से ज्यादा नए लोगों को सदस्य बनाना है।  बीजेपी कार्यकर्ता 64 हजार से ज्यादा बूथों पर पहुंचेंगे। विधायक और मंत्रियों को भी 15-15 हजार नए सदस्य बनाने का टारगेट दिया गया है।  बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने बताया कि सदस्यता लेने के लिए चार विकल्प दिए गए हैं।  पार्टी के दिये नंबर पर मिस्ड कॉल कर सदस्यता ली जा सकती है।  दूसरे विकल्प में क्यू आर कोड को स्कैन करने की सुविधा दी गयी है। नए लोग नमो एप और वेबसाइट बीजेपी डॉट ओआरजी के माध्यम से भी जुड़ सकते हैं।   सभी पदाधिकारियों सदस्य बनाने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारी दी गयी है।  कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देकर लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे।   मुलाकात के दौरान कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियां और पार्टी की विचारधारा भी लोगों के सामने रखेंगे।  मध्य प्रदेश में मोर्चा-प्रकोष्ठों के अलावा जिला इकाइयों को भी सदस्यता अभियान का लक्ष्य दिया गया है।  टारगेट के तहत सांसदों को 25 हजार, मंत्री-विधायक 15 हजार, जिलाध्यक्ष, महापौर और जिला पंचायत अध्यक्षों को 10 हजार नए सदस्य बनाने होंगे।  बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने सभी जिला अध्यक्षों को संगठन पर्व के माध्यम से कमजोर बूथों पर फोकस करने का आदेश दिया।