सतना में तालाब फूटा, कॉलोनियों में घुसा पानी, तेज बहाव में फंसे चार लोग, बच्चों ने गेट पर लटककर बचाई जान

दैनिक अवन्तिका सतना

सतना में 70 साल पुराने तालाब की मेढ़ टूट गई। तालाब का पानी आस-पास की कॉलोनियों में भरा गया। घरों के अंदर रखा सामान खराब हो गया। कार और बाइकें भी डूब गईं। दो बच्चे जान बचाने के लिए गेट पर लटके रहे। लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें निकाला। वहीं तेज बहाव में फंसी एक महिला और शख्स का भी रेस्क्यू किया गया।

घटना हवाई पट्टी मार्ग पर उतैली में नारायण तालाब में मंगलवार दोपहर की है। घटना की जानकारी मिलते ही महापौर योगेश ताम्रकार, कलेक्टर अनुराग वर्मा, एसपी आशुतोष गुप्ता, नगर निगम आयुक्त शेर सिंह मीणा मौके पर पहुंचे। नगर निगम, होमगार्ड के अमले के साथ ही राजस्व की टीम और पुलिस बल को भी बुलाया गया। इसके बाद रेस्क्यू और तालाब की टूटी मेढ़ की मरम्मत का काम शुरू किया गया।

पानी उतरा, घरों में कीचड़ और मलबा
तालाब का पानी अपने साथ कीचड़ और मलबा भी बहाकर लाया। लोगों के घरों में पानी उतर चुका है,लेकिन कीचड़ और मलबा भरा पड़ा है। लोगों का कहना है कि कुछ ही मिनटों में पानी भर गया। किसी को सोचने-समझने का मौका नहीं मिला।

पॉश कॉलोनी एमराल्ड ग्रीन भी प्रभावित
नारायण तालाब से लगभग 1 किमी की दूरी पर स्थित शहर की पॉश कॉलोनी एमराल्ड ग्रीन भी जल भराव हो गया। कॉलोनी में मल्टी स्टोरी बिल्डिंग के अलावा डुप्लेक्स भी बने हुए हैं। नारायण तालाब का पानी इस कॉलोनी के पूरे पार्किंग एरिया और भूतल पर बने कुछ डुप्लेक्स के अंदर भी घुस गया है। पार्किंग में खड़े लोगों के वाहन पानी मे डूब गए हैं।

दो बच्चों ने गेट पर लटककर बचाई जान
तालाब के पानी के बहाव में एक महिला और एक व्यक्ति बह गया था। उसे पुलिस और नगर निगम के लोगों ने बचाया। दो बच्चे भी तेज बहाव मे फंस गए थे। वे गेट पर चढ़ कर खुद को बचा रहे थे। पुलिस ने उन्हें भी सुरक्षित निकाला।

You may have missed