सिंहस्थ के पहले बनेगा उज्जैन-जावरा फोरलेन

उज्जैन। आगामी सिंहस्थ के पहले उज्जैन-जावरा फोरलेन का निर्माण होगा। दरअसल सिंहस्थ के दौरान भारी भीड़ और वाहनों की आवाजाही के चलते इस फोरलेन की जरूरत
महसूस हो रही है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने खुद इस मार्ग को लेकर अपनी स्वीकृति दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भोपाल से फोरलेन की स्वीकृति मिल गई है वहीं इलेक्ट्रॉनिक सर्वे भी प्रारंभ कर दिया गया है और लगभग बीस दिनों के बाद भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई भी शुरू कर दी जाएगी। वैसे तो 2028 के सिंहस्थ के पूर्व फोरलेन का कार्य पूरा करना है। अधिकारियों का दावा है कि इसके पूर्व ही फोरलेन का कार्य पूरा कर दिया जाएगा। यह मार्ग बनने के बाद इंदौर से राजस्थान के लिए भूतेड़ा से निकली सिक्सलेन तक पहुंचने के लिए भी सुविधा हो जाएगी। सूत्रों के अनुसार इलेक्ट्रानिक सर्वे पूरा होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि फोरलेन किधर से निकलेगा। अभी भी मार्ग बदलने की संभावना से अधिकारी मना नहीं कर रहे हैं। उज्जैन-जावरा पर ट्रैफिक अधिक बढ़ने के कारण फोरलेन मार्ग की आवश्यकता हो गई है। गांव भूतेड़ा से मुंबई, दिल्ली का सिक्सलेन रोड मिल रहा है। राजस्थान के कई धार्मिक स्थल भी इस रोड से जुड़े हुए हैं, इसको देखते हुए सांसद अनिल फिरोजिया ने फोरलेन बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडगरी से मांग की थी। उन्होंने स्वीकृति भी दे दी थी।

You may have missed