मोबाइल किया जप्त, शेयर करने वालों की तलाश हिरासत में आया दुष्कर्म का वीडियो वायरल करने वाला युवक

0

दैनिक अवंतिका उज्जैन।
उज्जैन। महिला के साथ फुटपाथ पर हुए दुष्कर्म का वीडियो बनाकर वायरल करने वाले को शनिवार सुबह पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उसका मोबाइल जप्त किया गया है। जिसकी जांच सायबर की टीम कर रही है। युवक नागदा का रहने वाला है, जिसे रविवार को न्यायालय में पेश किया जायेगा।
कोतवाली थाना क्षेत्र के कोयला फाटक क्षेत्र में 4 सितंबर की दोपहर फुटपाथ पर एक युवक द्वारा महिला को शराब पिलाकर उसका दुष्कर्म किया था। महिला से साथ हुई घटना का एक युवक ने वीडियो बना लिया था, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया था। पुलिस ने महिला के साथ दुष्कर्म करने वाले को आधे घंटे बाद ही गिरफ्तार कर लिया था, जो आगररोड राजीवनगर का रहने वाला लोकेश होना सामने आया था। उसके खिलाफ महिला की शिकायत पर प्रकरण दर्ज करने के बाद जेल भेज दिया था। वहीं वीडियो वायरल करने वाले की तलाश शुरू की गई थी। 2 दिनों की तलाश के बाद नागदा के प्रकाशनगर में रहने वाले मोहम्मद सलीम पिता यासीन शाह को हिरासत में ले लिया गया। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि सलीम से मोबाइल जप्त किया गया है। जिसकी जांच सायबर टीम कर रही है। वहीं इस बात का पता लगाया जा रहा है कि उसने वीडियो किसको शेयर किया था, उनकी जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। हिरासत में आया सलीम और उसके पिता आटो ड्रायवर है। वीडियो वायरल करने के मकसद का पता लगाया जा रहा है। मामले से जो भी जुड़ा होगा उसकी गिरफ्तारी की जायेगी।
कोयला फाटक पर बस से उतारा था सलीम
बताया जा रहा है कि दुष्कर्म का वीडियो बनाने वाला युवक सलीम घटना वाले दिन बस से उज्जैन आया था और कोयला फाटक पर उतारा था। उसने घटना को रोकने के बजाय उसका वीडियो बनाया और वायरल कर दिया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की तो वह बचने के लिये अपनी लोकेशन बदलता रहा। पुलिस उसकी तलाश में मंदसौर, रतलाम तक पहुंची थी, उसके बाद नागदा की लोकेशन मिलते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार वीडियो वायरल करने वाले के खिलाफ धारा भारतीय न्याय संहिता की धारा 72, 77, 294, 67 आईटी एक्ट के साथ महिलाओं का अशिष्ठ चित्रण अधिनियम की धारा 4 में प्रकरण दर्ज किया गया है। सीएसपी ओपी मिश्रा ने बताया कि आरोपिता सलीम को रविवार दोपहर न्यायालय में पेश किया जायेगा।
महिला कांग्रेस ने कंट्रोलरूम पर किया प्रदर्शन
कोयला फाटक पर महिला के साथ हुई दुष्कर्म की घटना को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। जहां दिल्ली से प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ प्रदेश काग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी घटना की सोशल मीडिया पर निंदा कर चुके है। वहीं शनिवार को महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल और पार्षद माया राजेश त्रिवेदी ने दर्जनों महिला कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस कंट्रोलरूम पर प्रदर्शन करते हुए एएसपी पल्लवी शुक्ला को ज्ञापन सौंप आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed