दिनभर में 19 मि.मी. बारिश से तापमान में आई 4 डिग्री की कमी

0

दैनिक अवंतिका उज्जैन
उज्जैन। लौटता मानसून फिर से मेहबान दिखाई दे रहा है। बुधवार को दिनभर रूक-रूककर बारिश होती रही। शासकीय जीवाजीराव वेधशाला पर 19 मि.मी. बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान में 4 डिग्री की गिरावट आ गई थी। मौसम विभाग ने 2 दिनों तक तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। 15 जून से 15 सितंबर तक मानसून का सत्र माना जाता है। इस बार जून-जुलाई में औसत से कम बारिश हुई थी। शहर में जलसंकट का खतरा बढ़ गया था और उमस-गर्मी से लोगों को हाल बुरा बना हुआ था, लेकिन अगस्त माह के अंतिम 10 दिनों में सक्रिय हुए मानसून के बाद बारिश ने रफ्तार पकड़ ली। जलसंकट दूर हो गया, वहीं औसतन बारिश का आंकडा भी बढ़ने लगा। लौटता मानसून सितंबर में भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। बुधवार को दिनभर में 19 मि.मी. बारिश हुई। दोपहर बाद आसमान काले बादलों से घिरा हुआ था। इस बीच अधिकतम तापमान 27 डिग्री पर आ गया। दिनभर 6 किलोमीटर प्रतिघंटे से हवा चलती रही। वेधशाला अधीक्षक राजेन्द्र कुमार गुप्त ने बताया कि मौसम विभाग ने गुरूवार को भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। 12 सितंबर तक रूक-रूककर बारिश होती रहेगी। उन्होने बताया कि शहर की औसतन बारिश का आंकडा 36 इंच है। बुधवार शाम 6 बजे तक 829 मि.मी. बारिश दर्ज की जा चुकी थी, जो 33 इंच है। अब मात्र 3 इंच बारिश की ओर जरूरत है। पिछले वर्ष औसत से 5 इंच अधिक बारिश हुई थी। इस बार भी औसत से अधिक बारिश होने का अनुमान दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *