क्षिप्रा नदी से मिली युवक की 6 दिन पुरानी लाश

दैनिक अवंतिका उज्जैन। भैरवगढ़ थाना क्षेत्र से गुजर रही क्षिप्रा नदी से गुरूवार को एक युवक का शव बरामद किया गया। जो 5 से 6 दिन पुराना होना सामने आया। मृतक 30 से 35 वर्ष का प्रतीत हो रहा था। उसके  शरीर पर कपड़े नहीं थे। पानी में डूबा होने की वजह से बॉडी काफी खराब हो गई थी। एसआई मनोहरसिंह सेंधव ने बताया कि बताया कि मृतक के एक हाथ की कलाई पर सोमनाथ नाम गुदा हुआ है। वहीं दूसरी कलाई पर शेर और सांप की आकृति बनी थी। आसपास लोगों से पहचान के प्रयास किये गये, लेकिन किसी ने भी उसकी पहचान नहीं की। मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के बाद दफना दिया है। एक अन्य मामले में बुधवार को चिमनगंज थाना क्षेत्र के सी केबीन के पास रेलवे ट्रेक पर ट्रेन के सामने कूदकर जान देने वाले युवक की गुरूवार शाम तक पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस को उसके पास से कुछ दस्तावेज मिले थे। जिस उसका नाम ऋषि पिता उमराव निवासी मथुरा लिखा था। एसआई हाकमसिंह नायक ने बताया कि परिजनों का पता नहीं चलने पर शुक्रवार को शव दफना दिया जायेगा।

Author: Dainik Awantika