क्षिप्रा नदी में मिले लापता युवक की कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस,रात में 62.4 मिमी. के बाद दिनभर में हुई 10.6 मिमी. बारिश

0

दैनिक अवंतिका
उज्जैन। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात 2 दिनों से सक्रिय है। शनिवार दिनभर रूक-रूककर बारिश होती रही। वहीं शुक्रवार-शनिवार रात 12 घंटे में 62.2 मिमी. बारिश दर्ज की गई थी। लगातार बारिश से तापमान में 4 डिग्री की गिरावट आ गई है। मौसम विभाग ने 1 अक्टूबर से फिर नया चक्रवात सक्रिय होने की संभावना जताई है।
सितंबर माह का अंतिम सप्ताह तेज बारिश के साथ गुजरता दिखाई दे रहा है। 23-24 सितंबर की रात 60 मिमी. बारिश हुई थी। उसके बाद 26 सितंबर को 11 मिमी बारिश होते ही औसतन आंकडा 36 इंच को पार कर गया था। उसके बाद रिमझिम का दौर बना रहा। 27-28 सितंबर की रात फिर से तेज बारिश हुई और शाम 6 से सुबह 6 बजे तक 62.4 मिमी. बारिश दर्ज की गई। शनिवार दिनभर रूक-रूककर बारिश का दौर जारी रहा और शाम को 10.6 मिमी. बारिश होने का आंकड़ा सामने आया। 24 घंटे में 3 इंच के करीब बारिश से अधिकतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट आ गई। शहर की औसतन बारिश का आंकडा 36 इंच है, जो अब 39 इंच को पार कर चुका है। दिनभर हुई बारिश से मौसम में हल्की ठंड आई थी, लेकिन उमस बनी हुई थी। हवा 4 किमी. प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार एक-दो दिन हल्की बारिश होगी, 1 अक्टूबर से फिर बंगाल की खाड़ी में नया चक्रवात बन रहा है, जिसके प्रदेश की ओर बढ़ते ही तेज बारिश हो सकती है।
क्षिप्रा में जलस्तर बढ़ा, गंभीर का गेट खोला
24 घंटे से हो रही बारिश के बाद क्षिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ गया था। शनिवार को दानीगेट से बड़नगर मार्ग की ओर जाने वाली रपट डूब गई थी। घाटो पर पानी दिखाई दे रहा था। क्षिप्रा के साथ ही जलस्त्रोत का मुख्य गंभीर डेम पानी की आवक से अपनी क्षमता का पार करता दिखाई दे रहा था। जिसका लेवल मेंटन करने के लिये एक गेट 2 मीटर के लिये खोल दिया गया था। अगस्त के अंतिम सप्ताह से सितंबर के अंतिम सप्ताह तक तीन से चार बार गंभीर के गेट खोले जा चुके है।
1 अक्टूबर से रोज होगा जलप्रदाय
लगातार हो रही बारिश और गंभीर डेम की क्षमता 2250 एमसीएफटी पूरी होने के बाद 1 अक्टूबर से नगर निगम पीएचई विभाग ने प्रतिदिन जलप्रदाय का निर्णय लिया है। पिछले 5 माह से शहर में एक दिन उत्तर और दूसरे दिन दक्षिण क्षेत्र में पानी की सप्लाय हो रही थी। जिसके चलते लोगों को पानी के लिये परेशान होना पड़ रहा था। अब एक साथ पूरे शहर में प्रतिदिन जलप्रदाय किया जायेगा।
क्षिप्रा नदी में मिले लापता युवक की कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
उज्जैन। अंगारेश्वर मंदिर के पास क्षिप्रा नदी से शुक्रवार को लापता युवक की लाश बरामद हुई थी। मृतक युवक भाजयुमो कार्यकर्ता था और भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष का सोशल मीडिया अकाउंट हैंडल करता था। वह उज्जैन में 2 दोस्तों के साथ रहकर एमबीए की पढ़ाई कर रहा था।
महिदपुर के ग्राम झारड़ा में रहने वाला अमन पिता भैरूलाल व्यास 24 वर्ष नीलगंगा थाना क्षेत्र के विष्णुपुरा में दो दोस्त सुनील प्रजापत और विजयपालसिंह के साथ किराये का मकान लेकर एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। 25 सितंबर की रात 8 बजे लापता हो गया था। दोस्तों ने उसकी तलाश शुरू की थी और नीलगंगा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार सुबह उसका शव क्षिप्रा नदी से मिला था और दोस्तों ने पहचान की परिजनों को सूचना दी थी। मामले में चिमनगंज थाना पुलिस ने मर्ग कायम किया था। मृतक के पास से एक मोबाइल मिला था, वहीं पता चला था कि वह 2 मोबाइल नबंरों का उपयोग करता था। पुलिस अब उसके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने का काम कर रही है। वहीं परिजनों के साथ दोस्तों को भी बयान के लिये बुलाया गया है। अमन ने आत्महत्या की है या फिर उसके साथ कोई हादसा हुआ है, यह जांच के बाद ही सामने आ पायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *