मानसून की बिदाई के बाद कोहरे की हुई दस्तक

0

दैनिक अवंतिका उज्जैन।
उज्जैन। अक्टूबर माह की शुरूआत होने के साथ मानसून की बिदाई हो चुकी है। शनिवार की सुबह कोहरे के साथ हुई, सूर्य निकलने से पहले शहर के मार्गो पर धूंध छाई रही और घरों बाहर खड़े वाहनों पर ओस जमी दिखी। पिछले 48 घंटे में तापमान भी कम हुआ है। जल्द ही गुलाबी ठंड का अहसास होने लगेगा।
वर्षाकाल 15 जून से 30 सितंबर तक माना जाता है। लेकिन इस बार ऐसा लग रहा था कि अक्टूबर माह में भी बारिश होगी, लेकिन आसमान साफ होने और तापमान में तेजी आने के बाद बारिश की संभावना क्षीण दिखाई देने लगी।  माह का प्रथम सप्ताह गुजरने से पहले ही तापमान में कमी आना शुरू हो गई है। पिछले 48 घंटे में अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री कम हुआ है। न्यूनतम 25 से 22 डिग्री पर आ गया है। शुक्रवार शाम ढलने के बाद से ही हवा की गति 6 से 8 किमी. प्रतिघंटे की हो गई थी। शनिवार की सुबह कोहरे के साथ हुई। जब तक सूर्यदेव नहीं निकले औस गिरती रही और धूंध छाई रही। जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त ने बताया कि अब बारिश की संभावना काफी कम हो गई है। अगर बारिश हुई तो वह मावठे की बारिश कहलायेगी। वैसे उसके आसार भी अभी कम ही है। अब धीरे-धीरे तापमान में कमी आयेगी। दीपावली से पहले गुलाबी ठंड का आगाज हो जायेगा। नवम्बर माह मध्यम ठंड के बीच गुजरेगा, दिसंबर 15 बाद कड़ाके की ठंड पड़ने की पूरी संभावना है। इस बीच कोहरा दिखाई देता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *