पूर्व पार्षद ने जताई थी हत्या की आशंका कार से आये बदमाश ने चलाई गोली, जान बचाने में टूटा हाथ

0

दैनिक अवंतिका उज्जैन।
उज्जैन। कुछ दिनों पहले पूर्व पार्षद ने अपनी जान को खतरा होना और मार्निग वॉक के दौरान रैकी होना बताया था। पुलिस जांच शुरू करती उससे पहले उन्हे मारने का प्रयास किया गया। कार से आये बदमाश ने 3 गोलियां चलाई। बचने का प्रयास करते समय पूर्व पार्षद का हाथ टूट गया। मामला 6 दिन बाद सामने आया। अब पुलिस प्रकरण दर्ज कर जांच में लगी है।
नीलगंगा थाना क्षेत्र के वजीर पार्क में रहने वाले पूर्व पार्षद गुड्डू कलीम ने कुछ दिन पहले थाने पहुंचकर बताया था कि उनकी जान को खतरा है। मार्निंग वॉक के दौरान कार से उनकी रैकी की जा रही है। लेकिन वह मौखिक शिकायत कर लौट गये थे। 7 अक्टूबर को उन्होने शिकायती आवेदन नीलगंगा थाना पुलिस को दिया और बताया कि 4 अक्टूबर की सुबह मार्निंग वॉक के दौरान रूचिश्री गार्डन के सामने बिना नम्बर की काली फिल्म लगी कार आकर रूकी और उसमें से बाहर आये एक व्यक्ति ने गोली चलाई। वह बचकर भागने का प्रयास करने लगे। तभी 2 गोली और चली, जिसके चलते गिरने से उनका हाथ टूट गया। 9 अक्टूबर को जांच के बाद पुलिस ने मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। टीआई विवेक कनोडिया ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखे गये है। अज्ञात कार की तलाश जारी है।
पूर्व पार्षद का इंदौर में चल रहा उपचार
एसआई यादवेन्द्र परिहार ने बताया कि गुड्डू कलीम का उपचार इंदौर में चल रहा है। गुरूवार को बयान दर्ज करने पहुंचे थे। लेकिन उनका कहना था कि हमला करने वाले अज्ञात है। किसी को नहीं जानते है। कार का रूट ट्रेस किया जा रहा है, जो इंदौर की ओर जाती दिखाई दी है। संभावना है कि जल्द मामले में गोली चलाने वाले और उसके साथियों को हिरासत में ले लिया जायेगा।
मामले में आपसी विवाद की आशंका
पुलिस को पूरे घटनाक्रम में आपसी और पारिवारिक विवाद की आशंका  है। घटना को लेकर गुड्डू कलीम और उनका परिवार दहशत में है। विदित हो कि गुड्डू कलीम पूर्व में अपराधिक प्रवृति के रहे है, लेकिन लम्बे समय से अपराधों से दूर है। उनका मन्नत गार्डन था, जो शासकीय भूमि पर होने के चलते कुछ साल पहले प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त करा दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed