मुंबई से इंदौर आ रही स्लीपर कोच बस में लगी आग, यात्रियों में मची चीख-पुकार

सेंधवा। बड़वानी के सेंधवा में चलती स्लीपर कोच बस में आग लग गई। इसमें कुल 40 यात्री सवार थे। ड्राइवर ने आनन-फानन में ब्रेक लगाया। हड़बड़ी में सभी पैसेंजर उतरे। कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जल गई। हादसा रविवार सुबह मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर हुआ। गनीमत है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, कुछ यात्रियों का सामान जल गया है। सेंधवा और राजपुर से पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन दमकलों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया। इस दौरान सड़क के एक तरफ ट्रैफिक रुका रहा। यात्रियों ने बताया कि हंस ट्रैवल्स की बस शनिवार शाम करीब 5 बजे मुंबई से इंदौर के लिए निकली थी। यह अपने समय से तीन घंटे लेट चल रही थी। टायरों के ब्रेक लाइनर चिपक रहे थे। इसकी जानकारी ड्राइवर को भी थी लेकिन उसने नजरअंदाज कर दिया। घटना से करीब एक घंटा पहले ही ड्राइवर और क्लीनर ने ब्रेक चेक किए थे। एक पैसेंजर विधि नागर ने कहा- आज सुबह करीब 10 बजे सत्यम ढाबे के सामने बस के टायर से धुआं निकलने लगा। हम सभी घबरा गए। शोर सुनकर ड्राइवर ने बस को सड़क के किनारे लगाया। सभी यात्रियों को सामान समेत नीचे उतारा। इसी दौरान बस में आग लग गई।

Author: Dainik Awantika