जयपुर। भारत की स्टार महिला बैडमिंटन प्लेयर पीवी सिंधु शादी के बंधन में बंध गई। उन्होंने बिजनेसमैन वेंकट साई दत्ता के साथ 22 दिसंबर को देर रात शादी की। दोनों ने उदयपुर के उदय सागर झील में बने फाइव स्टार होटल राफेल्स में सात फेरे लिए। शादी में खेल, राजनीति और फिल्मी दुनिया की कई हस्तियां शामिल हुईं। सिंधु के पति वेंकट पोसाइडेक्स टेक्नोलॉजीस में कार्यकारी निदेशक हैं। शादी में पीवी सिंधु क्रीम रंग की साड़ी पहनी नजर आईं। वहीं वेंकट दत्ता साई ने मैचिंग क्रीम रंग की शेरवानी पहनी। शादी का रिसेप्शन 24 दिसंबर को हैदराबाद में होगा। सिंधु के वेडिंग फेस्टिव की शुरुआत 20 दिसंबर को संगीत कार्यक्रम के साथ हुई। जिसके बाद अगले दिन हल्दी, पेल्लिकुथुरु और मेहंदी की रस्में हुईं। जिस होटल में पीवी सिंधु ने शादी की उसी में भारतीय टीम के स्टार क्रिकेटर हार्दिक पंड्या ने भी शादी की थी। शादी समारोह उदयपुर के 3 अलग-अलग जगहों पर हुईं। इसके लिए झील महल, लीला महल और जग मंदिर को चुना गया। वेन्यू की सजावट में राजस्थानी शाही झलक देखने मिली। हर मेहमान को नाव से वेन्यू तक पहुंचाया गया। भारतीय और विदेशी मेहमानों के लिए शादी में कई तरह के राजस्थानी और मेवाड़ी स्टाइल डिश रखे गए।